विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली जाने वाली तेजस समेत 4 ट्रेनें रद, बिहार के 5000 यात्री परेशान; रिफंड पर रेलवे ने दिया अपडेट

Published: Fri, 09 Oct 2026 07:38 PM (IST)

दिल्ली जाने वाली तेजस राजधानी समेत कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद कर दी गई हैं, जिससे पटना और आसपास के करीब पांच हजार यात्री प्रभावित हुए।

दिल्ली जाने वाली तेजस समेत 4 ट्रेनें रद, बिहार के 5 हजार यात्री परेशान

दिल्ली जाने वाली तेजस समेत 4 ट्रेनें रद, बिहार के 5 हजार यात्री परेशान

HighLights

  1. दिल्ली जाने वाली तेजस राजधानी सहित कई ट्रेनें रद्द की गईं।

  2. पटना और आसपास के करीब पांच हजार यात्री प्रभावित हुए।

  3. रद्द टिकटों का पूरा किराया यात्रियों को वापस मिलेगा।

जागरण संवाददाता, पटना। दिल्ली जाने वाले रेल यात्रियों को शुक्रवार को परेशानी का सामना करना पड़ा। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास शनिवार को संभावित यातायात बाधा को देखते हुए रेलवे ने कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन रद कर दिया है।

इसके तहत दानापुर मंडल से शुक्रवार को चलने वाली चार ट्रेनें रद रहीं। इनमें राजेंद्र नगर टर्मिनल से चलने वाली तेजस राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस के साथ इस्लामपुर से चलने वाली मगध एक्सप्रेस शामिल हैं।

इन ट्रेनों के रद होने से करीब पांच हजार यात्रियों की यात्रा प्रभावित हुई। रेलवे ने यात्रियों को मोबाइल पर एसएमएस भेजकर ट्रेनों के रद होने की सूचना दी।

रेलवे की ओर से जारी आदेश के अनुसार, शुक्रवार को दोपहर दो बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली और शनिवार सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली निर्धारित मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद किया गया है। दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे ने यह कदम उठाया है।

खुफिया सूचनाओं और यातायात परामर्श के आधार पर दोनों प्रमुख स्टेशनों के आसपास सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक सड़क पर भारी जाम की आशंका जताई गई है। यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन संबंधी व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

गया होकर जाने वाली दो राजधानी भी रद

दिल्ली जाने वाली ट्रेनों के परिचालन पर असर दानापुर मंडल तक सीमित नहीं रहा। गया होकर दिल्ली जाने वाली 12301 हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस और 12313 सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को भी रद कर दिया गया।

इससे दिल्ली जाने के लिए राजधानी एक्सप्रेस से यात्रा की योजना बनाने वाले यात्रियों को भी अपनी यात्रा में बदलाव करना पड़ा।

दिल्ली से बिहार आने वाली चार ट्रेनें भी रद

नई दिल्ली से शनिवार को बिहार आने वाली चार ट्रेनों को भी रद कर दिया गया है। शुक्रवार को दानापुर रेल मंडल ने अपने आधिकारिक इंटरनेट मीडिया हैंडल से इसकी जानकारी साझा की है।

रद ट्रेनों में दिल्ली से आने वाली तेजस राजधानी एक्सप्रेस, संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस व मगध एक्सप्रेस शामिल है।

ट्रेनें रद रहने से राजेंद्र नगर, पटना जंक्शन व दानापुर स्टेशन पर भीड़

दिल्ली जाने वाली ट्रेनों के रद रहने से शुक्रवार को राजेंद्र नगर टर्मिनल, पटना जंक्शन व दानापुर स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ लगी रही। अचानक ट्रेनों का परिचालन रद होने से यात्री परेशान दिखे। ट्रेनों की स्थिति की जानकारी लेने के लिए पूछताछ काउंटर पर यात्रियों की लंबी कतार लगी रही।

वहीं, टिकट वापसी के लिए आरक्षण काउंटरों पर भी भीड़ देखी गई। कई यात्री ट्रेन रद होने की सूचना मिलने के बाद टिकट का पैसा वापस लेने पहुंचे थे। रेलवे की ओर से मोबाइल पर एसएमएस भेजकर यात्रियों को ट्रेनों के रद होने की जानकारी दी गई थी।

ट्रेन रद होने पर यात्रियों को मिलेगा पूरा किराया

रेलवे की ओर से ट्रेन रद किए जाने पर यात्रियों को टिकट का पूरा किराया वापस मिलेगा। ऑनलाइन ई-टिकट लेने वाले यात्रियों को टिकट रद करने या टीडीआर भरने की जरूरत नहीं है। ट्रेन रद होने पर ई-टिकट का रिफंड नियमानुसार स्वतः उसी खाते में भेजा जाएगा, जिससे भुगतान किया गया था।

वहीं, काउंटर से टिकट लेने वाले यात्रियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर मूल टिकट के साथ आरक्षण काउंटर पर जाकर रिफंड लेना होगा। रिफंड नहीं मिलने पर यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर से गुजरने वाली 18 ट्रेनें डायवर्ट, शहीद और अमरनाथ एक्सप्रेस का भी बदला रूट