विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कार्तिक पूर्णिमा पर पटना में 24 नवंबर को कई रास्ते रहेंगे बंद, घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक प्लान

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:17 AM (IST)

पटना में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर को व्यापक यातायात व्यवस्था लागू रहेगी, जिसमें कई महत्वपूर्ण मार्गों पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।  

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से दीघा स्थित पाटीपुल घाट पर की गई बैरिकेडिंग। जागरण

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से दीघा स्थित पाटीपुल घाट पर की गई बैरिकेडिंग। जागरण

HighLights

  1. कारगिल चौक से गायघाट तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।

  2. जेपी सेतु पर सोनपुर से पटना की ओर यातायात बंद।

  3. श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था।

जागरण संवाददाता, पटना। कार्तिक पूर्णिमा को लेकर 24 नवंबर को पटना में व्यापक यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान शहर के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।

मुख्य रूप से कारगिल चौक से पूरब गायघाट तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी, अशोक राजपथ में कारगिल चौक से गायघाट पुल नीचे तक के सभी एंट्री प्वाइंट बंद रहेंगे। 

गायघाट पुल के नीचे आटो व व्यावसायिक वाहनों पर रोक रहेगी, जेपी सेतु पर सोनपुर या छपरा से पटना की ओर यातायात बंद रहेगा तथा भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अलावा निर्माण कार्य से जुड़े वाहनों और बड़ी मालवाहक गाड़ियों का प्रवेश 23 नवंबर की रात 10:00 बजे से 24 नवंबर की सुबह 11:00 बजे तक वर्जित रहेगा।

पटना में कई रास्‍तों की बदली यातायात व्‍यवस्‍था 

24 नवंबर को कारगिल चौक से पूरब गायघाट तक किसी भी प्रकार के वाहनों का परिचालन नहीं होगा। अशोक राजपथ में कारगिल चौक से गायघाट पुल नीचे तक के सभी एंट्री प्वाइंट बंद रहेंगे। 

केवल खजांची रोड से पटना काॅलेज व साइंस कालेज परिसर में श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए परिचालन की अनुमति होगी। 

कारगिल चौक से पश्चिम शाहपुर तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन जारी रहेगा। गायघाट जाने वाले वाहन पुरानी या न्यू बाईपास से सीधे धनुकी मोड़, शीतला माता मंदिर या बिस्कोमान गोलंबर से होते हुए गायघाट जाएंगे और नजदीक के निर्धारित पार्किंग स्थल में पार्क करेंगे।

गायघाट पुल के नीचे ऑटो व व्यावसायिक वाहनों पर रोक

गायघाट पुल के नीचे तक आटो व अन्य व्यावसायिक वाहनों के आने पर रोक रहेगी। इस दौरान अगमकुआं आरओबी से गायघाट आने वाले व्यावसायिक वाहन एनएमसीएच तक और धनुकी मोड़ या बिस्कोमान गोलंबर से आने वाले वाहन डंका इमली चौक तक आएंगे।

गायघाट पुल नीचे से चलने वाले आटो व व्यावसायिक वाहन अगमकुआं आरओबी के नीचे से बिस्कोमान गोलंबर, धनुकी मोड़ और पुरानी बाईपास होते हुए गांधी मैदान व अन्य जगहों पर जाएंगे।

गांधी मैदान से गायघाट या अशोक राजपथ जाने वाले वाहन एग्जीबिशन रोड, राजेंद्रनगर पुल और बहादुरपुर गुमटी होते हुए बाईपास व अगमकुआं से बाईपास थाना तक जाएंगे।

यदि कोई वाहन गायघाट से अशोक राजपथ आ जाती है तो उसे गांधी चौक से बारी पथ डायवर्ट किया जाएगा और वह अशोक राजपथ होते हुए सीधे गांधी मैदान नहीं आएगी।

पटना जंक्शन व जीपीओ होते हुए बेली रोड से दानापुर या खगौल जाने वाली बस कारगिल चौक न आकर गांधी मैदान गेट नंबर 10 के अंदर पार्क की जाएगी।

जेपी सेतु, घाटों और पार्किंग की व्यवस्था

जेपी सेतु से पटना आने वाले वाहनों को गंगा पथ पर नीचे नहीं आने दिया जाएगा, बल्कि वे सीधे एप्रोच पथ से अशोक राजपथ जा सकेंगे।

प्रशासन ने इस अवधि में सोनपुर, छपरा या हाजीपुर जाने के लिए महात्मा गांधी सेतु का अधिक उपयोग करने का अनुरोध किया है।

दीघा के रामजीचक, पाटीपुल, शिवा व मीनार घाट जाने वाले वाहन जेपी सेतु एप्रोच पथ से रूपसपुर नहर रोड होते हुए निर्धारित पार्किंग में लगेंगे।

कुर्जी मोड़ से अंदर जाने वाले वाहन गंगा पथ अंडरपास से उत्तर की पार्किंग में, गेट नंबर 93, 88 और 83 के वाहन गंगा पथ अंडरपास से उत्तर की पार्किंग में तथा पहलवान घाट व बांस घाट के वाहन गंगा पथ अंडरपास से निर्धारित स्थलों पर पार्क होंगे।

कलेक्ट्रेट व महेंद्रू घाट के लिए आयुक्त कार्यालय के सामने से गंगा पथ अंडरपास होते हुए पश्चिम पार्किंग या गांधी मैदान में वाहन पार्क होंगे।

पटना काॅलेज के लिए खजांची रोड से जाकर काॅलेज मैदान में और साइंस काॅलेज के लिए एनीबेसेंट रोड, रमना रोड व कुनकुन सिंह लेन से आकर काॅलेज परिसर में पार्किंग होगी।

प्रारंभ में आने वाले वाहन घाट के नजदीक निर्धारित पार्किंग में जाएंगे, जबकि निकलने के समय पुलिस या मजिस्ट्रेट वाहन को घाट की ओर अंदर नहीं जाने देंगे।

आपातकालीन सेवा और नियंत्रण कक्ष नंबर

अग्निशामक, एम्बुलेंस व मरीज के वाहनों पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। विभिन्न घाटों से अस्पतालों तक जाने के लिए गंगा पथ, अशोक राजपथ, दीघा-एम्स पाटली पथ और रूपसपुर नहर रोड के मार्ग तय किए गए हैं।

श्रद्धालुओं से सड़क पर यत्र-तत्र वाहन न लगाकर निर्धारित पार्किंग में कतारबद्ध पार्क करने की अपील की गई है। सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 0612-2219810 व 0612-2219234, पुलिस नियंत्रण कक्ष 9031825979, यातायात नियंत्रण कक्ष 0612-2219151 व 9470630615, पटना सिटी नियंत्रण कक्ष 0612-2631813 तथा पुलिस अधिकारियों के नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।