विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कार्तिक पूर्णिमा पर पटना का ट्रैफिक बदला: कारगिल चौक से गायघाट तक वाहनों पर रोक; किन रास्तों से जाएं घाट?

Published: Tue, 24 Nov 2026 07:00 AM (IST)

पटना में कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था बदली गई है। कारगिल चौक से गायघाट तक कई सड़कें बंद रहेंगी, वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

एआई से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. कारगिल चौक से गायघाट तक वाहनों का परिचालन बंद।

  2. श्रद्धालुओं के लिए वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग की व्यवस्था।

  3. अस्पताल वाहनों को छोड़कर अन्य पर रहेगी पाबंदी।

जागरण संवाददाता, पटना। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों में स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पटना में यातायात व्यवस्था बदली गई है। मंगलवार की सुबह 11:00 बजे तक कारगिल चौक से गायघाट तक सभी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।

अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से गायघाट पुल के नीचे तक के प्रवेश मार्ग भी बंद रहेंगे। खजांची रोड से पटना कालेज और साइंस कालेज परिसर में श्रद्धालुओं के वाहन पार्किंग के लिए जा सकेंगे।

कारगिल चौक से पश्चिम शाहपुर तक यातायात सामान्य रहेगा। गायघाट जाने वाले वाहन पुरानी बाईपास या न्यू बाईपास से धनुकी मोड़, शीतला माता मंदिर अथवा बिस्कोमान गोलंबर होते हुए पहुंचेंगे।

वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने होंगे। स्नान के बाद श्रद्धालुओं की वापसी के दौरान पुलिस और मजिस्ट्रेट वाहनों को घाटों की ओर जाने से रोकेंगे।

गायघाट पुल के नीचे ऑटो और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। अगमकुआं आरओबी से आने वाले व्यावसायिक वाहन एनएमसीएच तक और धनुकी मोड़ तथा बिस्कोमान गोलंबर से आने वाले वाहन डंका इमली चौक तक जा सकेंगे।

गांधी मैदान से गायघाट या अशोक राजपथ जाने वाले वाहन एग्जीबिशन रोड, राजेंद्रनगर पुल और बहादुरपुर गुमटी होकर बाईपास तथा अगमकुआं से बाईपास थाना की ओर जाएंगे। गायघाट से अशोक राजपथ पहुंचने वाले वाहनों को गांधी चौक से बारी पथ की ओर मोड़ा जाएगा।

पटना जंक्शन और जीपीओ होकर बेली रोड से दानापुर या खगौल जाने वाली बसें कारगिल चौक नहीं आएंगी; उन्हें गांधी मैदान के गेट नंबर 10 के भीतर पार्क किया जाएगा।

जेपी सेतु से पटना आने वाले वाहन गंगा पथ पर नीचे नहीं उतर सकेंगे और एप्रोच पथ से अशोक राजपथ जा सकेंगे। मंगलवार सुबह 11:00 बजे से जेपी सेतु पर सोनपुर-छपरा से आने वाले वाहनों की भी नो एंट्री रहेगी।

अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और मरीजों को ले जाने वाले वाहनों पर रोक नहीं होगी। अस्पताल जाने के लिए गंगा पथ, अशोक राजपथ, दीघा-एम्स पाटली पथ और रूपसपुर नहर रोड का उपयोग किया जाएगा।

रामजीचक, पाटीपुल, शिवा और मीनार घाट जाने वाले वाहन जेपी सेतु एप्रोच पथ और रूपसपुर नहर रोड से निर्धारित पार्किंग में पहुंचेंगे।

कुर्जी मोड़ तथा गेट नंबर 93, 88 और 83 के लिए गंगा पथ अंडरपास के उत्तर में पार्किंग होगी। पहलवान और बांस घाट जाने वाले वाहन भी अंडरपास से पार्किंग तक जाएंगे।

कलेक्ट्रेट और महेंद्रू घाट के वाहन आयुक्त कार्यालय के सामने से अंडरपास होकर पश्चिम में निर्धारित पार्किंग या गांधी मैदान में खड़े होंगे। साइंस कालेज के लिए एनी बेसेंट रोड, रमना रोड और कुनकुन सिंह लेन का रास्ता तय है।

किसी भी परेशानी पर इन नंबरों पर करें संपर्क

जिला नियंत्रण कक्ष: 0612-2219810, 0612-2219234
पुलिस नियंत्रण कक्ष: 9031825979
यातायात नियंत्रण कक्ष: 0612-2219151, 9470630615
पटना सिटी नियंत्रण कक्ष: 0612-2631813

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।