पटना का तापमान पहुंचा सामान्य से नीचे, रहें सावधान, बढ़ेगी ठंड
पटना में ठंड बढ़ गई है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री तो 14 डिग्री न्यूनतम पर पहुंच गया है। मौसम विभाग की मानें तो इस माह ठंड के और बढ़ने के आसार हैं।
पटना, जेएनएन। अगर गर्म कपड़े निकालने के लिए आप दिसंबर का इंतजार कर रहे हैं तो सावधान हो जाइए। ठंड कभी भी आपको अपनी जकडऩ में ले सकती है। राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश शहरों का तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। बिहार में गया सबसे सर्द हो गया है। भागलपुर, पूर्णिया, छपरा सहित अधिकांश शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 21 नवंबर से तापमान में और कमी आने के कारण ठंड में वृद्धि होने की संभावना है।
रविवार को पटना का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री, भागलपुर में चार डिग्र्री, छपरा में तीन डिग्री, गया में दो डिग्री, पूर्णिया में एक डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 28 नवंबर तक आकाश साफ रहेगा। तापमान में औसत दो डिग्री कमी आने की संभावना है।
पटना और आसपास के इलाके में रविवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 23 नवंबर तक तापमान में और गिरावट की संभावना है। गया का न्यूनतम तापमान बिहार में सबसे कम 10.2 डिग्री और अधिकतम 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री और अधिकतम 29.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री और अधिकतम 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा।