पटना में प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिस को खूब छकाया, चकमा देकर विधानसभा के पास पहुंचे; कई हिरासत में
पटना में दारोगा भर्ती और बीपीएससी परीक्षा रद्द कराने की मांग को लेकर छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने ...और पढ़ें
HighLights
दारोगा और बीपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग।
छात्रों ने पुलिस को चकमा देकर विधानसभा तक मार्च किया।
कई प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए, यातायात प्रभावित हुआ।
जागरण संवाददाता, पटना। दारोगा भर्ती परीक्षा और बीपीएससी परीक्षा रद कराने की मांग को लेकर मंगलवार को पटना में प्रतियोगी छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर से शुरू हुआ छात्रों का प्रदर्शन देखते ही देखते पुलिस के लिए चुनौती बन गया। बैरिकेडिंग और भारी सुरक्षा के बावजूद प्रदर्शनकारी छात्र पुलिस को चकमा देते हुए विधानसभा की ओर बढ़ते चले गए।
प्रदर्शन को देखते हुए जेपी गोलंबर के साथ डाकबंगला चौराहे और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर रखी थी। इसके बावजूद छात्रों ने अलग-अलग रास्तों से आगे बढ़ने की कोशिश जारी रखी।
रामगुलाम चौक से चिड़ैयाटांड़ ओवरब्रिज होते हुए बढ़े छात्र
बड़ी संख्या में छात्र जेपी गोलंबर के पास जुटे थे। पुलिस की नजर प्रदर्शनकारियों पर थी। इसी बीच छात्रों का एक समूह पुलिस की बैरिकेडिंग को चकमा देकर रामगुलाम चौक की ओर बढ़ गया।
यहां से प्रदर्शनकारी छात्र चिड़ैयाटांड़ ओवरब्रिज होते हुए विधानसभा मार्ग की तरफ आगे बढ़ने लगे। अचानक बड़ी संख्या में छात्रों के इस तरह आगे बढ़ने से पुलिसकर्मियों को भी उनके पीछे दौड़ना पड़ा।
GPO गोलंबर पर फिर घेराबंदी, छात्र वहां से भी निकले
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने जीपीओ गोलंबर के पास फ्लाईओवर पर भी सुरक्षा बढ़ा दी। पुलिसकर्मियों ने छात्रों को चारों तरफ से घेरने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी वहां भी रुकने को तैयार नहीं हुए।
छात्र पुलिस घेराबंदी से निकलकर दौड़ते हुए विधानसभा की ओर बढ़ते रहे। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच कई स्थानों पर धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
विधानसभा से महज 50 मीटर पहले रोका
लगातार आगे बढ़ रहे प्रदर्शनकारी कुछ छात्र आखिरकार विधानसभा के करीब पहुंच गए। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद विधानसभा से करीब 50 मीटर पहले छात्रों को रोक लिया।
इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू किया। प्रदर्शन के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
छात्र दारोगा भर्ती परीक्षा को रद कर दोबारा पारदर्शी तरीके से कराने और बीपीएससी परीक्षा को निरस्त करने की मांग कर रहे थे।
