BPSC 70वीं और SI भर्ती परीक्षा रद कराने को पटना में छात्रों का प्रदर्शन, JP गोलंबर पर पुलिस ने रोका तो दिया चकमा
पटना में छात्रों ने बिहार पुलिस दारोगा भर्ती और बीपीएससी 70वीं परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें
HighLights
छात्रों ने बिहार पुलिस दारोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग की।
बीपीएससी 70वीं परीक्षा को भी निरस्त करने की मांग उठाई।
जेपी गोलंबर पर प्रदर्शनकारी छात्रों की पुलिस से धक्का-मुक्की हुई।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार पुलिस दारोगा भर्ती और बीपीएससी 70वीं परीक्षा रद करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों ने गांधी मैदान के समीप प्रदर्शन किया।
विभिन्न छात्र संगठनों के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र जेपी गोलंबर के पास जुटे और सड़क पर उतर गए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने जेपी गोलंबर से रामगुलाम चौक तक मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
रामगुलाम चौक से डाक बंगला जाने की बात कहकर प्रदर्शनकारी छात्र चिड़ैयाटाड़ ओवरब्रिज होते हुए विधानसभा की ओर बढ़ गए। पुलिस ने जीपीओ पर छात्रों को रोका।
आर ब्लॉक से जीपीओ और जीपीओ से आर ब्लॉक काे मार्ग पुलिस ने बंद कर दिया।

पुलिस से प्रदर्शनकारियों की हुई धक्का-मुक्की
आंदोलन की सूचना पर जेपी गोलंबर से लेकर डाकबंंगला चौराहा तक बड़ी संख्या में पुलिस को मुस्तैद किया गया है। जेपी गोलंबर के पास प्रदर्शनकारी छात्रों की पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई।
इससे अशोक राजपथ समेत आसपास के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और दंगा रोधी दस्ता तैनात किया गया।
अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर सड़क से हटने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया। छात्रों का आरोप था कि प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन में लगातार अनियमितताएं सामने आ रही हैं।
परीक्षा में पारदर्शिता की मांग
हाल में आयोजित दारोगा के 1799 पदों की परीक्षा को रद कर दोबारा पारदर्शी तरीके से कराने की मांग को लेकर छात्रों में खासा आक्रोश था।
छात्रों ने कहा कि अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
छात्रों ने बीपीएससी की 70वीं परीक्षा को भी निरस्त करने की मांग उठाई।
इसके साथ ही बीपीएसएससी की इंटर स्तरीय परीक्षा की तिथि जल्द घोषित करने और आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग की। अभ्यार्थियों ने सरकारी नियुक्तियों में संविदा कर्मियों को दिए जाने वाले वेटेज को समाप्त करने की भी मांग रखी।

पहचान छिपाने को पहना मास्क, शंख बजाकर जताया विरोध
अपनी मांगों को लेकर और विभिन्न परीक्षा आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ छात्र मास्क लगाकर एवं चेहरे पर रुमाल बांधकर सड़क पर उतरे।
छात्रों ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे लोगों को आयोग द्वारा डिबार किया जा रहा है। इसलिए हम लोग चेहरा छिपाकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
छात्रों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग उनके सामने एक दीवार खड़ी कर रहा है और उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
इसी तानाशाही रवैये के चलते उन्होंने सांकेतिक रूप से अपने मुंह छिपाने का फैसला किया है, ताकि वे अपना संदेश दे सकें। अपनी आवाज पहुंचाने के लिए छात्रों ने शंख बजाकर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
