विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

BPSC TRE-4 नोटिफिकेशन जारी, फिर भी पटना में खत्म नहीं हुआ छात्रों का आंदोलन; अब क्यों कर रहे प्रोटेस्ट?

Published: Tue, 18 Aug 2026 08:43 PM (IST)Updated: Tue, 18 Aug 2026 08:57 PM (IST)

पटना के गर्दनीबाग में बिहार स्टूडेंट यूनियन ने न्याय सत्याग्रह शुरू किया, जिसमें तेजस्वी यादव समेत कई नेता छात्रों के ...और पढ़ें

HighLights

  1. पटना में छात्रों का अनिश्चितकालीन न्याय सत्याग्रह शुरू।

  2. तेजस्वी यादव ने छात्रों की मांगों का समर्थन किया।

  3. टीआरई-4 एक चरण में हो, निगेटिव मार्किंग हटे।

जागरण संवाददाता, पटना। विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को गर्दनीबाग धरनास्थल पर अभ्यर्थियों ने न्याय सत्याग्रह शुरू किया। बिहार स्टूडेंट यूनियन के बैनर तले आयोजित धरने में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन सत्याग्रह जारी रहेगा।

टीआरई-4 की अधिसूचना पर खुशी, एक चरण में परीक्षा की मांग

टीआरई-4 की अधिसूचना जारी होने पर अभ्यर्थियों ने खुशी जताई। साथ ही मांग की कि शिक्षक नियुक्ति परीक्षा एक ही चरण में पूरी कराई जाए। अभ्यर्थियों ने परीक्षा से निगेटिव मार्किंग की व्यवस्था खत्म करने की भी मांग उठाई।

छात्रों के समर्थन में पहुंचे तेजस्वी यादव समेत कई नेता

अभ्यर्थियों के समर्थन में तेजस्वी यादव भी धरनास्थल पर पहुंचे। विधायक संदीप सौरभ, भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य और भाकपा के राष्ट्रीय सचिव गिरीश शर्मा ने भी छात्रों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया।

बीएसएससी से संविदा वेटेज हटाने की भी मांग

बिहार स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष दिलीप कुमार ने कहा कि बीएसएससी से संविदा वेटेज हटाना, परीक्षा की तिथि घोषित करना, एलईटी एवं बीईटी का आयोजन कराना भी छात्रों की मांगों में शामिल है। उन्होंने बीपीएससी एईडीओ परीक्षा की तिथि जारी करने की मांग भी उठाई।

दारोगा-सिपाही भर्ती में पारदर्शिता पर जोर

दिलीप कुमार ने कहा कि दारोगा, सिपाही सहित अन्य परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। हिंदी भाषियों के साथ भेदभाव बंद करने की भी मांग की गई।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

‘पढ़ाई और लड़ाई साथ-साथ’ के मंत्र पर संघर्ष

यूनियन अध्यक्ष ने कहा कि संगठन ‘पढ़ाई और लड़ाई साथ-साथ’ के मूल मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है।

शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और छात्रों की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

सरकार से छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता से विचार की अपील

दिलीप कुमार ने प्रशासन और सरकार से छात्रों की जायज मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बनाने में मदद मिलेगी।

धरने में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रहे मौजूद

धरने के दौरान दीपक पांडेय, शहबाज आलम, रविरंजन, मुकेश, शंकर, अमित, सारिका, पलक, पूजा, श्वेता, प्रतिभा और प्रियंका सहित अन्य अभ्यर्थी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।

यह भी पढ़ें- BPSC ने TRE-4 के लिए जारी किया नोटिफिकेशन, 32388 पदों के लिए 1 सितंबर से आवेदन

यह भी पढ़ें- BPSC TRE-4 में 32,388 शिक्षक पदों पर बहाली, उर्दू के 3,229 तो हिंदी के 2,196 पद; देखिए किस विषय में कितने सीट