विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में नशेड़ी बेटे ने मां को जिंदा जलाया, बचाने आए पड़ोसी को दांत से काटा; पुलिस ने किया गिरफ्तार

Published: Mon, 21 Sep 2026 04:55 PM (IST)

खाजेकलां थाना क्षेत्र के दुल्ली घाट में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे के आदी ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। जागरण

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। जागरण

HighLights

  1. बेटे चिंटू ने अपनी विधवा माँ रेखा देवी को जलाया।

  2. आरोपी बेटा नशे का आदी और मानसिक रूप से विक्षिप्त।

  3. पुलिस ने बेटे को गिरफ्तार कर जांच शुरू की है।

जागरण संवाददाता, पटना सिटी। खाजेकलां थाना क्षेत्र के दुल्ली घाट इलाके में शनिवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ऑटो चालक बेटे चिंटू ने अपनी विधवा मां रेखा देवी उर्फ मंजू के साथ मारपीट की और फिर उन्हें जलाकर मार डाला।

घटना की सूचना मिलने के बाद जब खाजेकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची, तो घर में मां का जला हुआ शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। आरोपित पुत्र से पुलिस पूछताछ कर रही है।

बेटे को है नशे की लत

इस मामले में एएसपी राजकिशोर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतका का आरोपित पुत्र नशे का आदी है और मानसिक रूप से विक्षिप्त भी है। घटना के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। मामले में महिला के देवर अमर साहनी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

खाजेकलां थानाध्यक्ष विद्यानंद वर्मा ने बताया कि शनिवार रात लगभग 1:30 बजे दीवान मोहल्ला, दुल्ली घाट में किराये पर रहने वाली 60 वर्षीय रेखा देवी उर्फ मंजू को उनके मानसिक रूप से विक्षिप्त ऑटो चालक पुत्र चिंटू द्वारा जलाए जाने की सूचना मिली थी।

अंदर से बंद था दरवाजा

पुलिस जब पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। धक्का देकर दरवाजा खोलने पर अंदर कमरे से जला हुआ शव बरामद किया गया। मां को जलाने वाला आरोपित पुत्र भी घर में ही मौजूद था।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने जब आरोपित को पकड़ना चाहा, तो वह छत से कूद गया। हालांकि, पुलिस ने छत से कूदे आरोपित पुत्र को तुरंत हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि एक पड़ोसी ने जब जलती हुई मां को बचाना चाहा, तो आरोपित ने उसे दांत से काट लिया।

एएसपी राजकिशोर सिंह ने रविवार को बताया कि दुल्ली घाट मोहल्ले में नन्हकी साहनी की 60 वर्षीय पत्नी रेखा उर्फ मंजू देवी अपने पुत्र चिंटू के साथ बसंत लाल राय के मकान में किराये पर रहती थीं। घटना के समय पुत्र गांजे के नशे में धुत था।

नालंदा मेडिकल कॉलेज में होगा पोस्टमार्टम

मकान मालिक और पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची खाजेकलां थाना पुलिस ने छानबीन की। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।

एएसपी ने बताया कि पुत्र मानसिक रूप से विक्षिप्त भी प्रतीत होता है। मां की मौत के बाद वह अनाप-शनाप बक रहा था। पुलिस हत्या से जुड़े सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। मौके पर पहुंची एफएसएल (FSL) टीम ने भी नमूने एकत्र किए हैं।

पुलिस ने बताया कि उनकी निगरानी में मृतका का दाह-संस्कार कराया जाएगा। इस घटना के बाद मोहल्ले में सनसनी फैल गई है। पड़ोसियों की मानें तो आरोपित चिंटू अक्सर नशा करके अपनी मां के साथ झगड़ता था। खाजेकलां थाना पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- जमुई छेड़खानी कांड में स्पीडी ट्रायल, महिला SDPO के नेतृत्व में SIT गठित; आपत्तिजनक वीडियो चलाने वालों पर कार्रवाई

यह भी पढ़ें- 'प्लीज... हम इसकी बेस्ट फ्रेंड हैं', जमुई में हाथ जोड़कर मिन्नतें करती रही छात्रा, दोस्त को पीटते रहे दरिंदे