विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में आज दोपहर 1 से 2 बजे के बीच बजेगा सायरन, 3 KM तक सुनाई देगी आवाज 

Published: Tue, 06 Oct 2026 07:48 AM (IST)

पटना में नागरिक सुरक्षा निदेशालय द्वारा आज दोपहर 1 से 2 बजे के बीच नई आपातकालीन सायरन प्रणाली का तकनीकी परीक्षण किया जाएगा।

सायरन। फाइल फोटो

सायरन। फाइल फोटो

HighLights

  1. पटना में नई आपातकालीन सायरन प्रणाली का परीक्षण आज।

  2. दोपहर 1 से 2 बजे के बीच होगा तकनीकी परीक्षण, आवाज 3 किमी तक।

  3. नागरिक सुरक्षा निदेशालय ने लोगों से न घबराने की अपील की।

राज्य ब्यूरो, पटना। नागरिक सुरक्षा निदेशालय के द्वारा मंगलवार को नए आपातकालीन सायरन प्रणाली का टेस्ट किया जाएगा। यह अत्याधुनिक सायरन प्रणाली राजधानी पटना के न्यू पुनाईचक में निदेशालय के नियंत्रण कक्ष में स्थापित की गई है।

मंगलवार को दोपहर एक से दो बजे के बीच इसका तकनीकी परीक्षण होगा। इस दौरान सायरन की अलग-अलग तरह की आवाज करीब दो से तीन किमी के दायरे में सुनाई देंगी। इसमें हमले की चेतावनी और हमला टलने जैसी सूचनाएं भी प्रसारित की जा सकती हैं।

नागरिक सुरक्षा निदेशालय ने आमलोगों से अपील की है कि वह सायरन की आवाज सुनकर घबराएं नहीं और न ही किसी तरह की अफवाह फैलाएं।

इस आपातकालीन सायरन की आवाज का किसी भी वास्तविक आपदा, हवाई-हमले, आगजनी, बाढ़, भूकंप या किसी अन्य आपात स्थिति से कोई संबंध नहीं है। इस दौरान आमलोग धैर्य बनाए रखें।

आमलोगों को सायरन की आवाज सुनकर बिजली बंद करने या किसी अन्य तरह की अलग से गतिविधि करने की भी जरूरत नहीं है।

सफल परीक्षण के बाद बाकी शहरों में लगेगा सायरन 

दरअसल, राजधानी पटना समेत कई शहरों में नए सिरे से आपातकालीन सायरन प्रणाली स्थापित की जानी है। पटना में पायलट प्रोजेक्ट के तहत इसका ट्रायल मंगलवार को किया जा रहा है।

इसके सफल होने पर पटना समेत अन्य प्रमुख शहरों में अलग-अलग जगहों पर ऐसे सायरन लगाए जाएंगे जिससे इमरजेंसी के समय में कम समय में लोगों तक सूचनाएं पहुंचाई जा सकें।

नागरिक सुरक्षा निदेशालय में स्थापित किए गए सायरन से आठ से 9 तरह की अलग-अलग आवाजें निकलती हैं। इसके अलावा किसी तरह की सूचना और आदेश का प्रसारण भी लंबे दायरे में किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- 14 साल बाद सासाराम में फिर गूंजेगी खदानों की आवाज, गायघाट-गिजुआही में खनन का रास्ता साफ