CJP Protest का बिहार में असर: संवेदनशील इलाकों पर पुलिस और CRPF की तैनाती, हिरासत में लिए गए 3 छात्र नेता
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) पर रोक की मांग को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर पटना में सुरक्षा कड़ी की गई।

जेपी गोलंबर पर प्रदर्शनकारियों के लिए तैनात पुलिसकर्मी। जागरण
HighLights
पटना में एसआइआर प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी।
प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स तैनात।
प्रदर्शन कर रहे तीन छात्र नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
जागरण संवाददाता, पटना। दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) पर रोक लगाने की मांग को लेकर प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर शनिवार को पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
संभावित मार्च और विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरे दिन अलर्ट मोड पर रहा। शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी।
गांधी मैदान में रैपिड एक्शन फोर्स के जवान तैनात रहे, जबकि जेपी गोलंबर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और बिहार पुलिस के जवान मुस्तैद दिखे।
डाकबंगला चौराहे पर लोहे की शील्ड लगाकर बैरिकेडिंग की गयी थी। करीब 11 थानों के थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ सुबह से शाम तक गांधी मैदान, डाकबंगला चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे।
पटना कॉलेज के पास तीन छात्र नेता हिरासत में
आल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स आर्गेनाइजेशन (एआइडीएसओ) ने पटना कॉलेज के पास प्रदर्शन किया। इससे पहले पुलिस ने संगठन के तीन नेताओं को हिरासत में ले लिया।
छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने के बावजूद उन्हें हिरासत में लिया गया। बाद में तीनों को बांड भरवाकर छोड़ दिया गया।
वहीं, छात्र संगठन दिशा के सदस्यों ने भिखना पहाड़ी मोड़ पर पोस्टर-बैनर लेकर एसआइआर, चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई पर भी नाराजगी जताई।
यह भी पढ़ें- 'चलो जंतर-मंतर' के नारे के साथ आज फिर CJP का प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
