पटना के डाकबंगला चौराहे के पास संगीता इलेक्ट्रॉनिक्स में भीषण आग, दुकान के बाहर तक उठती रहीं लपटें
पटना के डाकबंगला चौराहे पर स्थित संगीता इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में भीषण आग लग गई, जिसकी लपटें बाहर तक दिखाई दे रही थीं। आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी।

दुकान में उठ रहीं आग की लपटें। जागरण
HighLights
पटना के डाकबंगला चौराहे पर संगीता इलेक्ट्रॉनिक्स में आग लगी।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, लपटें बाहर दिखीं।
दीपावली पर पटना में 41 आग की घटनाएं दर्ज हुईं।
जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी के डाकबंगला चौराहा के पास ग्रैंड प्लाजा में स्थित संगीता इलेक्ट्रॉनिक दुकान में मंगलवार की सुबह शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई।
आग दुकान के बाहरी हिस्से में लगी थी। दुकान के बाहर लगे बैनर और पोस्टर में आग पकड़ने के बाद लपटें तेजी से फैलने लगीं।
इससे स्थानीय लोगो में अफरातफरी मच गई। हालांकि, समय रहते स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया। इससे दुकान में रखे लाखों रुपये के सामान को जलने से बचा लिया गया।
शॉर्ट सर्किट से लगी थी आग
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में दमकल की टीम ने भी मोर्चा संभाला।
काफी मशक्कत के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई। फिलहाल दुकान के बाहरी हिस्से में नुकसान हुआ है। दुकान के अंदर रखे सामान को कितना नुकसान पहुंचा है, इसकी जानकारी दुकान खुलने के बाद ही मिल सकेगी।
बता दें कि दीपावली की रात भी राजधानी में तीन दर्जन से अधिक स्थानों पर अगलगी की घटनाएं हुई थीं। हालांकि फायर ब्रिगेड और पुलिस की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया।
इसमें कई लोग जख्मी भी हुए। बताया जाता है कि 41 में से 6 जगहों पर लगी आग काफी भयावह थी। इसमें काफी संपत्ति का नुकसान हुआ है।