पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे समेत कई बड़ी परियोजनाओं में आएगी तेजी, बिहार में बिछेगा सड़कों का जाल
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा बताई गई नई गाद प्रबंधन नीति की सराहना की।

सीएम सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी। (सोशल मीडिया)
HighLights
नितिन गडकरी ने बिहार की गाद प्रबंधन नीति को सराहा।
यह नीति सड़क निर्माण में प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग बढ़ाएगी।
बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा हुई।
राज्य ब्यूरो, पटना। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ बिहार में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने गडकरी को बिहार सरकार द्वारा बनाई गई नई गाद (सिल्ट) प्रबंधन नीति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। गडकरी ने पहल के लिए मुख्यमंत्री की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि बिहार की यह नीति पूरे देश के लिए एक मॉडल साबित हो सकती है। इस नीति से सड़क निर्माण में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा तथा निर्माण कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
बैठक में राज्य में सड़क एवं राजमार्ग आधारभूत संरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने, निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे, मुजफ्फरपुर-बरौनी फोरलेनिंग, डुमरिया घाट पुल, दरभंगा-सुपौल हाई-वे, खगड़िया-पूर्णिया, मुजफ्फरपुर- सोनवर्षा, एनएच-22 एवं एनएच- 31 के अनीसाबाद-दीदारगंज खंड में सर्विस रोड के साथ छह लेन एलिवेटेड रोड, दानापुर-बिहटा कॉरिडोर की प्रगति के बारे में बताया।

इसके अतिरिक्त बिहटा कोइलवर अपग्रेडेशन, छह लेन ग्रिनफिल्ड वाराणसी-रांची-कोलकाता हाइवे, आमस-दरभंगा, मुंगेर मिर्जाचौकी, बाकरपुर-मानिकपुर साहेबगंज कॉरिडोर, सिवान मशरख, पटना-आरा-सासाराम फोरलेन कॉरिडोर, छह लेन गंगा ब्रिज, पटना रिंग रोड सहित प्रमुख परियोजनाओं पर विस्तृत विमर्श किया।
मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा इनके क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इस दौरान औरंगाबाद एवं अम्बा बाईपास के साथ एनएच-139 को फोरलेन बनाने तथा एनएच-333 के बरियारपुर-गंगटा जमुई को फोरलेन करने के लिए डीपीआर बनाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया। नितिन गडकरी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले संवेदकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीएम ने जताया आभार
मुख्यमंत्री ने बिहार में केंद्र सरकार की परियोजनाओं को तीव्र गति से पूरा कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में उप मुख्यमंत्री द्वय विजय कुमार चौधरी, बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र के अतिरिक्त शासन के शीर्ष अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- बिहार सहित 4 राज्यों को जोड़ेगा नया इकोनॉमिक कॉरिडोर, जून तक तैयार होगी 33.5 KM लंबी सड़क
