पटना में धरना प्रदर्शन की जगह तय, सड़क जाम पर होगी सख्त कार्रवाई
पटना में अब गर्दनीबाग के बाहर धरना-प्रदर्शन करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। प्रशासन ने आमजन को होने वाली परेशानी और यातायात बाधित होने के कारण यह निर्णय लिया है।
-1791688654273_m.webp)
डीएम कुंदन कुमार। फाइल फोटो
HighLights
पटना में गर्दनीबाग ही धरना-प्रदर्शन का अधिकृत स्थल।
सड़क जाम करने पर संगठनों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई।
डीएम-एसएसपी ने आमजन की सुविधा को प्राथमिकता बताया।
जागरण संवाददाता, पटना। बिहार की राजधानी पटना में अब गर्दनीबाग के अलावा कहीं दूसरी जगह धरना-प्रदर्शन करना भारी पड़ सकता है। बिना पूर्व अनुमति और सूचना के सड़क या अन्य सार्वजनिक जगहों पर प्रदर्शन करने वाले संगठनों पर अब कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के कारण अक्सर सड़कें जाम होने से आमजन को होनी वाली परेशानियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। शनिवार को डीएम कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने कहा कि धरना-प्रदर्शन करने वालों के लिए गर्दनीबाग स्थित निर्धारित स्थल ही अधिकृत है।
विभिन्न संगठनों के अचानक सड़क पर उतरने से यातायात बाधित होता है। इसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ता है। स्कूल-कालेज, अस्पताल, न्यायालय, सचिवालय व आयोगों तक पहुंचने वाले लोगों के काम प्रभावित होते हैं। इससे व्यावसायिक गतिविधियों पर भी असर पड़ता है।
सड़कों पर धरना-प्रदर्शन से लगने वाले जाम से सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, बीमारों, स्कूली बच्चों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को होती है। एंबुलेंस के रास्ते में बाधा आने से गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी होती है।
वहीं, जरूरी काम से निकले लोगों को भी अनावश्यक समय गंवाना पड़ता है। सार्वजनिक व्यवस्था और नागरिकों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अधिकारी द्वय ने संगठनों से निर्धारित स्थल पर ही शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने का आग्रह किया है। डीएम-एसएसपी ने कहा कि निर्धारित स्थल के अतिरिक्त किसी भी अन्य स्थान पर धरना-प्रदर्शन करने या जारी निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
