पटना में प्रदर्शन के बीच छात्रा और महिला सिपाही की दौड़, बैग-चप्पल छूटे फिर भी नहीं आई पकड़ में
राजधानी पटना में सोमवार को छात्र, राजनीतिक दल, किसान और मजदूर संगठनों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के ...और पढ़ें
HighLights
पटना में छात्र, किसान और मजदूर संगठनों का प्रदर्शन।
डाकबंगला चौराहे पर छात्रा पुलिस से बचकर भागी, वीडियो वायरल।
एक प्रदर्शनकारी पुलिस वाहन से कूदकर फरार हुआ।
डिजिटल डेस्क, पटना। राजधानी में सोमवार को छात्र, राजनीतिक दल, किसान और मजदूर संगठनों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगह नोकझोंक हुई।
पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया। इसी बीच डाकबंगला चौराहे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस से बचने के लिए एक छात्रा भागती नजर आ रही है।
वीडियो में महिला सिपाही छात्रा को पकड़ने के लिए उसके पीछे दौड़ती दिखाई देती है। भागने के दौरान छात्रा का बैग सिपाही के हाथ में आ जाता है, लेकिन वह रुकती नहीं है।
चप्पल खुले, बैग गिरा लेकिन नहीं आई पकड़ में
खींचतान में उसके चप्पल भी निकल जाते हैं और बैग भी छूट जाता है। इसके बावजूद छात्रा पुलिस की पकड़ में नहीं आती।
पूरे घटनाक्रम के दौरान आसपास मौजूद लोगों के ठहाके भी सुनाई दे रहे हैं। वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो में छात्रा को हिरासत में लेने की कार्रवाई की वजह स्पष्ट नहीं है।
पुलिस की गाड़ी से कूदकर भागा प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन के दौरान ऐसा ही एक और मामला सामने आया। पुलिस ने एक प्रदर्शनकारी को हिरासत में लेकर गाड़ी में बैठाया था। कुछ देर बाद वह पानी मांगने लगा। पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही वह गाड़ी से कूदकर भाग निकला।
सोमवार के प्रदर्शन से जुड़े इन घटनाक्रमों के वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस से कई बार प्रदर्शनकारियों की भिड़ंत भी हो गई थी। डीएम-एसएसपी स्वयं पूरे घटनाक्रम की निगरानी करते रहे।
यह भी पढ़ें- पटना में सड़क पर उतरे किसान-मजदूर और छात्र, गांधी मैदान से मार्च; डाकबंगला चौराहे पर लाठीचार्ज, कई हिरासत में
