360वें प्रकाश पर्व की तैयारी तेज, पटना नगर निगम में 21 अफसरों और अभियंताओं की तैनाती
पटना साहिब में गुरु गोविंद सिंह महाराज के 360वें प्रकाश पर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर विकास विभाग ...और पढ़ें

नगर विकास एवं आवास विभाग ने 21 अधिकारियों और अभियंताओं की प्रतिनियुक्ति की
HighLights
360वें प्रकाश पर्व की प्रशासनिक तैयारियां तेज, पटना साहिब में।
पटना नगर निगम में 21 अधिकारी-अभियंता प्रतिनियुक्त किए गए।
साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने पर विशेष जोर।
राज्य ब्यूरो, पटना। पटना साहिब में आयोजित होने वाले गुरु गोविंद सिंह महाराज के 360वें प्रकाश पर्व को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन के दौरान शहर की साफ-सफाई, स्वच्छता और अन्य नगर निगम संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर विकास एवं आवास विभाग ने 21 अधिकारियों और अभियंताओं की प्रतिनियुक्ति की है। इनकी तैनाती एक दिसंबर 2026 से प्रकाश पर्व की समाप्ति तक पटना नगर निगम में रहेगी।
10 शहरों के नगर निकायों से बुलाए गए अधिकारी
प्रकाश पर्व की तैयारियों को लेकर विभिन्न नगर निकायों से अधिकारियों और कर्मियों को पटना बुलाया गया है। इनमें गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, बिहारशरीफ, आरा, मुंगेर, छपरा, हाजीपुर, राजगीर और बक्सर सहित अन्य नगर निकायों के अधिकारी शामिल हैं। विभाग का उद्देश्य आयोजन के दौरान नगर निगम की व्यवस्थाओं को अतिरिक्त प्रशासनिक और तकनीकी सहयोग देना है।
स्वच्छता से लेकर तकनीकी व्यवस्था तक संभालेंगे जिम्मेदारी
प्रतिनियुक्त किए गए 21 अधिकारियों और कर्मियों में उप नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी और कनीय अभियंता शामिल हैं।
अलग-अलग पदों के इन कर्मियों की तैनाती से प्रकाश पर्व के दौरान सफाई, कचरा प्रबंधन और नगर निगम से जुड़ी व्यवस्थाओं को सुचारू रखने में मदद मिलेगी।
एक दिसंबर से संभालेंगे मोर्चा
नगर विकास एवं आवास विभाग के आदेश के अनुसार, सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित तिथि से पटना नगर निगम के नगर आयुक्त के समक्ष योगदान देना होगा।
उनकी प्रतिनियुक्ति प्रकाश पर्व की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए विभाग ने समय रहते अतिरिक्त मानव संसाधन उपलब्ध कराने की पहल की है।