अभी अंडों से निकले ही थे 400 नन्हे चूजे, तभी आ गई डराने वाली खबर; पटना के पोल्ट्री फार्म में मचा हड़कंप
पटना के पोल्ट्री फार्मों पर बर्ड फ्लू का खतरा फिर मंडरा रहा है, खासकर बिहारशरीफ में संक्रमण की पुष्टि के बाद। फरवरी में बड़े नुकसान के बाद दोबारा शुरू हुई गतिविधियों के बीच फार्म प्रबंधन संक्रमण रोकने के लिए सतर्कता बरत रहा है।

नन्हे चूजों पर मंडराया 'बर्ड फ्लू' का साया (AI Generated Image)
HighLights
बिहारशरीफ में बर्ड फ्लू पुष्टि से पटना पोल्ट्री फार्मों पर खतरा।
फरवरी में हजारों मुर्गियां नष्ट हुईं, फार्मिंग फिर शुरू हुई।
संक्रमण रोकने को फार्म में कड़ी सतर्कता, बाहरी प्रवेश वर्जित।
जागरण संवाददाता, पटना। फरवरी में बर्ड फ्लू की मार झेल चुके पटना के पोल्ट्री फार्म पर एक बार फिर संक्रमण का खतरा मंडराने लगा है। कई महीनों तक बंद रही फार्मिंग गतिविधियां अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में दोबारा शुरू हुई थीं। किशनगंज से 400 चूजे मंगाए गए और कटक से अंडों की खेप मंगाई गई।
फार्म में धीरे-धीरे कामकाज पटरी पर लौट रहा था, लेकिन बिहारशरीफ में बर्ड फ्लू की पुष्टि ने फिर चिंता बढ़ा दी है। संक्रमण के नए मामले सामने आने से फार्म को सुरक्षित रखना बड़ी चुनौती बन गया है। अभी अंडे से चुजे निकल ही रहे हैं कि फार्म की चिंता बढ़ गई है।
फरवरी 2026 में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद पटना के चितकोहरा स्थित कौशल नगर पोल्ट्री अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आठ हजार मुर्गे-मुर्गियों को मारकर दफनाया गया था। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए पक्षियों के साथ अंडे और मुर्गी दाने को भी नष्ट करना पड़ा था।
इस कार्रवाई से फार्मिंग गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित हुई थीं। कई महीनों बाद अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में किशनगंज से 400 चूजे लाकर दोबारा पालन शुरू किया गया। अब बिहारशरीफ में बर्ड फ्लू की पुष्टि ने फार्म के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। संक्रमण से बचाव के लिए यहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। फार्म परिसर की नियमित साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। कर्मचारियों को भी संक्रमण से बचाव के सभी जरूरी उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। पक्षियों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।
फार्म प्रबंधन की कोशिश है कि संक्रमण को परिसर तक पहुंचने से रोका जाए। फरवरी जैसी स्थिति दोबारा उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए हर स्तर पर एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। दोबारा शुरू हुई फार्मिंग गतिविधियों के बीच अब सबसे बड़ी चिंता चूजों और अंडों को संक्रमण से सुरक्षित रखने की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।