पटना में नाबालिग के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
पटना के राजीव नगर में दो अलग-अलग घटनाओं में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और शिक्षिका से छेड़खानी के मामले सामने ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पटना। राजीव नगर थाना क्षेत्र के घुड़दौड़ रोड स्थित एक बहुमंजिला इमारत में मंगलवार की सुबह एक नाबालिग लड़के ने पड़ोस में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी के साथ जबरन दुराचार किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित नाबालिग को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता व आरोपित दोनों एक ही बिल्डिंग में अलग-अलग फ्लोर पर किराए पर रहते हैं। मंगलवार सुबह जब पीड़िता के स्वजन काम के सिलसिले में घर से बाहर गए थे। आरोपित के माता-पिता भी घर पर नहीं थे। उसी दौरान आरोपी ऊपरी मंजिल से नीचे उतरा। किशोरी का दरवाजा खटखटाया।
पीड़िता ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई
किशोरी ने स्वजनों के लौटने की उम्मीद में दरवाजा खोला, जिसका फायदा उठाकर आरोपी अंदर घुस गया और कुंडी लगा दी। आरोपित घर में दाखिल होने बाद उसे डराया-धमकाया। उसके साथ जबरदस्ती की। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। दोपहर में जब स्वजन घर लौटे तो पीड़िता ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। इसके तुरंत बाद परिजन उसे लेकर राजीव नगर थाने पहुंचे। प्राथमिकी दर्ज कराई।
एसडीपीओ द्वितीय ला एंड आर्डर दिव्यांजलि जायसवाल ने बताया कि दुष्कर्म की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। आरोपित नाबालिग को पकड़ लिया गया। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए हैं। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
शिक्षिका से ऑटो में छेड़खानी, गिरफ्तार
राजीव नगर क्षेत्र में एक शिक्षिका के साथ ऑटो में छेड़खानी करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान सुप्रियम कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झारखंड के गिरिडीह जिले का निवासी है। घटना विष्णु मंदिर रोड नंबर 6बी के पास हुई।
पीड़िता ने बताया कि आरोपित कई दिनों से उनका पीछा कर रहा था। वह स्कूल जाते और लौटते समय उसी आटो में सवार हो जाता, जिसमें शिक्षिका सफर करती थी। बुधवार को आटो में आरोपी ने शिक्षिका से अश्लील हरकतें शुरू कर दीं।
सूचना मिलते ही राजीव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पीड़िता ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़खानी, पीछा करने और यौन उत्पीड़न की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
