मलाही पकड़ी से ISBT तक दौड़ी Patna Metro, सुबह 8 से रात 8 बजे तक मिलेगी सर्विस; चेक करें रूट-किराया
पटना मेट्रो का मलाही पकड़ी स्टेशन शुक्रवार से आम जनता के लिए खुल गया है, जिससे घनी आबादी वाले क्षेत्रों तक मेट्रो सेवा का विस्तार हुआ है।

पहली बार घनी आबादी में पहुंची पटना मेट्रो, आज से यात्रियों के लिए सेवा शुरू

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी के लोगों के लिए पटना मेट्रो का दायरा और बढ़ गया है। पटना मेट्रो सेवा शुरू होने के करीब आठ माह के बाद घनी आबादी के बीच अब मेट्रो पहुंची है। शुक्रवार से मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन ने आम लोग यात्रा कर सकेंगे।
अब मलाहीपकड़ी से भूतनाथ तक का करीब तीन किलोमीटर का सफर मात्र आठ मिनट में पूरा किया जा सकेगा, जबकि मलाहीपकड़ी से आईएसबीटी तक पहुंचने में लगभग 20 मिनट लगेंगे। इस विस्तारित सेवा का शुभारंभ गुरुवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन कर किया।
गुरुवार को मेट्रो स्टेशन पर लगे डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड पर 'पटना मेट्रो में मुख्यमंत्री जी का स्वागत है' संदेश प्रदर्शित किया जा रहा था। मुख्यमंत्री दोपहर 12.20 बजे मेट्रो से रवाना हुए और आठ मिनट में भूतनाथ स्टेशन पहुंच गए। मलाही पकड़ी से भूतनाथ तक यात्रा के लिए 15 रुपये का टिकट निर्धारित किया गया है।
वहीं, मलाही पकड़ी से जीरोमाइल और आईएसबीटी तक का किराया 30 रुपये रखा गया है। वर्तमान में मेट्रो चार स्टेशनों के बीच संचालित होगी और प्रतिदिन 24 फेरे लगाएगी। एक तरफ का पूरा सफर लगभग 35 मिनट में पूरा होगा। यात्रियों को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी।
मलाहीपकड़ी और भूतनाथ के बीच स्थित खेमनीचक स्टेशन का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है। इसे भविष्य में इंटरचेंज स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी कारण फिलहाल यहां यात्रियों के चढ़ने और उतरने की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
एनसीएमसी आधारित गेट पास की सुविधा
मेट्रो में प्रवेश के लिए नेशनल कामन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) की तर्ज पर गेट पास की व्यवस्था की गई है। यह प्रीपेड कार्ड की तरह रिचार्ज किया जा सकेगा और भविष्य में अन्य परिवहन एवं भुगतान सेवाओं में भी उपयोग किया जा सकेगा। उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री ने भी इसी प्रणाली के माध्यम से स्टेशन में प्रवेश किया।
पांच स्टेशनों के बीच 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी पटना मेट्रो
वर्तमान में मेट्रो सेवा आईएसबीटी और भूतनाथ स्टेशन के बीच संचालित हो रही है। अभी सिंगल ट्रैक पर परिचालन होने के कारण ट्रेन के आने-जाने की व्यवस्था एक ही ट्रैक से की जा रही है। फिलहाल मेट्रो का संचालन वाकी-टाकी आधारित संचार प्रणाली के माध्यम से ही जारी रहेगा।
मेट्रो की अधिकतम परिचालन गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। मलाही पकड़ी तक सेवा शुरू होने से राजेंद्र नगर, कंकड़बाग और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
बैरिया बाइपास और बस स्टैंड की ओर जाने वाले यात्रियों को जाम से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है। बैरिया बस स्टैंड से राजेंद्र नगर रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
पटना जंक्शन तक तेजी से बढ़ रहा निर्माण
प्रायोरिटी कॉरिडोर के तहत अब राजेंद्र नगर, मोइन-उल-हक स्टेडियम, पीएमसीएच, गांधी मैदान और पटना जंक्शन सहित सात नए स्टेशनों का निर्माण तेजी से चल रहा है। राजेंद्र नगर टर्मिनल और मोइन-उल-हक स्टेडियम के बीच 681 मीटर लंबी भूमिगत सुरंग तैयार हो चुकी है।
इस परियोजना का लक्ष्य वर्ष 2027 के अंत तक मलाही पकड़ी से पटना जंक्शन तक मेट्रो सेवा शुरू करना है। मलाही पकड़ी को राजेंद्र नगर मेट्रो टनल से जोड़ने के लिए स्लैब निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है। वहीं मोइनुल हक स्टेडियम से पटना विश्वविद्यालय, पीएमसीएच और गांधी मैदान तक टनल निर्माण के बाद सिविल कार्य जारी है।
गांधी मैदान से आकाशवाणी स्टेशन तक टनल की खुदाई अंतिम चरण में पहुंच गई है। पटना मेट्रो की ब्लू लाइन आईएसबीटी से पटना जंक्शन तक 14.45 किलोमीटर लंबी होगी, जबकि रेड लाइन का निर्माण खेमनीचक से दानापुर तक 17 किलोमीटर में किया जा रहा है।
आकाशवाणी मेट्रो स्टेशन से नेहरू पथ के रास्ते अंडरग्राउंड लाइन विद्युत भवन तक जाएगी। विद्युत भवन के पास नया भूमिगत स्टेशन बनाया जाएगा, जिससे सचिवालय और आसपास के सरकारी कार्यालयों तक सीधी मेट्रो सुविधा उपलब्ध होगी।
इसके बाद टनल विकास भवन, पटना जू, राजा बाजार और रुकनपुरा होते हुए पाटलिपुत्र मेट्रो स्टेशन तक पहुंचेगी। पाटलिपुत्र स्टेशन के बाद मेट्रो एलिवेटेड ट्रैक पर चलेगी। यह कॉरिडोर आरपीएस मोड़ और सगुना मोड़ होते हुए दानापुर स्टेशन तक जाएगा, जिससे पश्चिमी पटना और दानापुर के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
अब खेमनीचक से मीठापुर सेक्शन पर परिचालन की तैयारी
मलाही पकड़ी तक मेट्रो के परिचालन शुरू होने के बाद पटना मेट्रो की कवायद जल्द खेमनीचक मेट्रो स्टेशन के शुरू करने को लेकर है। इसके साथ ही खेमनीचक से मीठापुर सेक्शन पर एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण पूरा हो गया है। अब इस पर पटरी बिछाने के साथ सिगनलिंग, इलेक्ट्रिकल व अन्य सिविल कार्य किए जाएंगे।
वहीं, इस सेक्शन के जगनपुरा, रामकृष्णा नगर व मीठापुर स्टेशन का निर्माण तेजी से चल रहा है। मेट्रो के अधिकारियों की माने तो जिस तरह से इसपर कार्य चल रहा है अंदर ग्राउंड सेक्शन के शुरू होने से पहले इस सेक्शन पर परिचालन शुरू हो जाएगा।
