विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में मेट्रो सेवा शुरू होने में देरी, मलाही पकड़ी स्टेशन पर CMRS निरीक्षण में देरी से उद्घाटन टला

Published: Thu, 16 Apr 2026 06:59 PM (IST)

राजधानी पटना में मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन सीएमआरएस के अंतिम निरीक्षण में देरी के कारण टल गया है। ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी पटना में मेट्रो परियोजना के विस्तार को लेकर एक महत्वपूर्ण कड़ी माने जा रहे मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन फिलहाल टलता नजर आ रहा है।

हालांकि स्टेशन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और ट्रायल रन भी सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है, लेकिन कमिश्नर आफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी (सीएमआरएस) के अंतिम निरीक्षण में देरी के कारण सेवा शुरू नहीं हो पा रही है।

मेट्रो संचालन शुरू करने से पहले सीएमआरएस की मंजूरी अनिवार्य होती है। यह मंजूरी सुरक्षा मानकों की व्यापक जांच के बाद ही दी जाती है। फिलहाल यही अंतिम निरीक्षण पिछले दो माह से लंबित है।

पहली बार इसे जनवरी में शुरू करने का लक्ष्य रखा गया था। इसके बाद फरवरी फिर मार्च में लेकिन अप्रैल में भी 15 दिन बितने के बाद भी मेट्रो के परिचालन की तिथि तय नहीं हो सकी है।

भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक प्रस्तावित मेट्रो सेवा को शहर के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस रूट के शुरू होने से कंकड़बाग, राजेंद्र नगर और आसपास के घनी आबादी वाले इलाकों के लोगों को काफी राहत मिलेगी।

वर्तमान में इन क्षेत्रों में यातायात का दबाव काफी अधिक है, जिससे लोगों को रोजाना जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, इस रूट के चालू होने से बैरिया स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आइएसबीटी) तक पहुंचना भी काफी आसान हो जाएगा। इससे शहर के अंदर और बाहर यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी और समय की बचत होगी।

परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी तकनीकी और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी। जैसे ही सीएमआरएस से हरी झंडी मिलेगी, उद्घाटन की तिथि घोषित कर दी जाएगी और आम जनता के लिए मेट्रो सेवा शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल शहरवासी मेट्रो सेवा के जल्द शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, जिससे उनकी दैनिक यात्रा अधिक सुगम और तेज हो सके।

यह भी पढ़ें- नेपाल सीमा से सटे बिहार के जिलों में फर्जी आधार-प्रमाण पत्र गिरोह का बड़ा खुलासा, 11 बदमाश गिरफ्तार; उपकरण बरामद

यह भी पढ़ें- भागलपुर में 33 महिलाओं से 45 लाख रुपए की ठगी, पेट्रोल पंप खोलने का झांसा देकर लगाया चूना