अजवाइन के खास तड़के से बढ़ जाता है लिट्टी-चोखा का स्वाद, पटना की निशि सहाय ने बताई बनाने की विधि
पटना की निशि सहाय ने लिट्टी-चोखा की एक विशेष विधि बताई है, जिसमें अजवाइन और कलौंजी से सत्तू का भरावन स्वाद बढ़ाता है।

लिट्टी चोखा दिखाती हुई निशि सहाय। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, पटना। जब भी बिहारी स्वाद की बात होती है, लिट्टी-चोखा का नाम सबसे पहले आता है। सत्तू से भरी लिट्टी और बैंगन, टमाटर व आलू से तैयार चोखा का मेल ऐसा है, जिसका स्वाद बिहार से बाहर रहने वालों को भी अपनी मिट्टी की याद दिलाता है।
कभी आम घरों और खेत-खलिहानों के खानपान का हिस्सा रहा यह व्यंजन आज देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुका है।

खगौल रोड निवासी निशि सहाय ने इस पारंपरिक व्यंजन को बनाने का एक बेहद लजीज अंदाज साझा किया है, जिसमें सत्तू के भरावन में अजवाइन, कलौंजी और सरसों के तेल का सही मेल इसके स्वाद को दोगुना कर देता है।
बनाने की विधि
गेहूं के आटे में थोड़ा घी डालकर गूंथे गए आटे में बारीक कटे प्याज, लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, धनिया पत्ती और अजवाइन-कलौंजी युक्त मसालेदार सत्तू भरकर इसे उपले या अंगीठी पर धीमी आंच पर सेंका जाता है।
इसके साथ ही, बैंगन, टमाटर और आलू को भूनकर तैयार किए गए स्मोकी चोखे में कच्चा प्याज, लहसुन और सरसों का तेल मिलाकर, शुद्ध देसी घी में डूबी गरमा-गरम लिट्टी के साथ परोसने पर मिट्टी की सोंधी खुशबू का असली अहसास होता है।
