पटना में जुए में जमीन गंवाई, 70 लाख का कर्ज चढ़ा तो छोटे भाई की संपत्ति पर नजर; हत्या की कहानी में उलझी पुलिस
पटना के फुलवारी शरीफ में ओमप्रकाश यादव की हत्या की गुत्थी जमीन विवाद और जुए के कर्ज में उलझ गई ...और पढ़ें

बड़े भाई ने रुपये के लेनदेन को बताया हत्या की वजह
HighLights
फुलवारी शरीफ में ओमप्रकाश यादव की हत्या का मामला।
जमीन विवाद और बड़े भाई के जुए के कर्ज से जुड़ा।
पुलिस ने मृतक के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
संवाद सूत्र, फुलवारी शरीफ(पटना)। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में 26 वर्षीय ओमप्रकाश यादव की हत्या की गुत्थी रिश्तों और जमीन विवाद में उलझ गई है। गुरुवार सुबह खेत में काम करने जा रही एक महिला ने युवक का शव देखा तो गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की पहचान आलमपुर निवासी ओमप्रकाश के रूप में की।
शव की स्थिति देखकर आशंका जताई गई कि गोली मारकर हत्या करने के बाद उसे यहां लाकर फेंका गया है। हैरानी की बात यह थी कि जहां शव मिला, वहां खून की एक बूंद तक नहीं थी। हत्या के साक्ष्य भी घटनास्थल पर नहीं मिले। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई राजकुमार यादव उर्फ राजा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जुए में गंवाई पूरी जमीन, 70 लाख रुपये का हो गया था कर्ज
बताया जाता है कि आलमपुर निवासी विष्णुदेव राय की मौत के बाद उनकी पत्नी ने पूरी संपत्ति दोनों बेटों राजकुमार यादव और ओमप्रकाश के बीच बांट दी थी। राजकुमार यादव उर्फ राजा जुआ खेलने का आदी था। उसने जुए में अपनी पूरी जमीन बेच दी थी।
इस कारण उस पर करीब 70 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। वहीं, छोटे भाई ओमप्रकाश ने अपने हिस्से की जमीन नहीं बेची थी। राजकुमार की नजर अब छोटे भाई की जमीन पर थी और वह लगातार ओमप्रकाश पर भी जमीन बेचने का दबाव बना रहा था।
चार दिन पहले घर में हुई थी मारपीट, पीठ पर मिले निशान
स्थानीय लोगों ने पुलिस को गोपनीय सूचना दी है कि इसी विवाद में चार दिन पूर्व घर में राजकुमार ने ओमप्रकाश की जमकर पिटाई भी की थी। शव की जांच में पीठ पर मारपीट के निशान मिले हैं।
जमीन को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद की बात सामने आने के बाद पुलिस इस पहलू से भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने राजकुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बड़े भाई ने रुपये के लेनदेन को बताया हत्या की वजह
मृतक के बड़े भाई राजकुमार ने पुलिस को रुपये के लेनदेन में हत्या किए जाने की बात बताई। उसने गांव के अविनाश समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
हालांकि, पुलिस को राजकुमार की भूमिका पर भी संदेह है। इसी आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सभी आरोपों और संभावित कारणों की जांच कर रही है।
दूसरी जगह हत्या कर खेत में फेंका गया शव!
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष और प्रभारी डीएसपी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि ओमप्रकाश की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को खेत में लाकर फेंक दिया गया। हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश की जा रही है। घटनास्थल पर खून के निशान नहीं मिलने से पुलिस इस आशंका को गंभीरता से ले रही है।
जल्द हो सकता है हत्याकांड का खुलासा
प्रभारी डीएसपी ने बताया कि अनुसंधान लगभग पूरा हो चुका है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस फिलहाल जांच के बिंदुओं और साक्ष्यों को लेकर स्पष्ट जानकारी देने से बच रही है।
घटना के बाद से आलमपुर गांव में दहशत और चर्चा का माहौल है। जमीन विवाद, 70 लाख रुपये का कर्ज और पारिवारिक तनाव इस हत्याकांड की जांच के प्रमुख बिंदु बने हुए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।