पटना के कंकड़बाग में दुकानों में भीषण आग से मची अफरा-तफरी, अपार्टमेंट में फंसे 40 लोगों का रेस्क्यू
पटना के कंकड़बाग स्थित विजय अमन अपार्टमेंट के नीचे दुकानों में भीषण आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। अग्निशमन ...और पढ़ें

लपटों के बीच फंसी थीं जिंदगियां, दमकलकर्मियों ने संभाला मोर्चा
जागरण संवाददाता, पटना। कंकड़बाग थाना क्षेत्र में ग्रेविटी माल के पास स्थित विजय अमन अपार्टमेंट रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी का केंद्र बन गया, जब अपार्टमेंट के नीचे संचालित दुकानों में अचानक भीषण आग लग गई। कंप्यूटर दुकान से उठीं आग की लपटों ने देखते ही देखते बगल की कपड़े की दुकान और आसपास की अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग तेजी से फैलने के कारण अपार्टमेंट में मौजूद लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। धुएं और आग के बीच फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अग्निशमन विभाग ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
दमकलकर्मियों ने करीब 35 से 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान एक महिला को सीढ़ी के सहारे नीचे उतारा गया। दमकलकर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
लपटों के बीच फंसी थीं जिंदगियां, दमकलकर्मियों ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने एक तरफ आग बुझाने का काम शुरू किया, तो दूसरी ओर अपार्टमेंट में मौजूद लोगों को बाहर निकालने की कवायद तेज कर दी।
रेस्क्यू के दौरान विशेष सतर्कता बरती गई। दमकलकर्मियों ने सीढ़ी की मदद से महिला समेत अन्य लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। करीब 35 से 40 लोगों को बाहर निकालने के बाद राहत की स्थिति बनी। समय रहते चलाए गए इस अभियान से किसी बड़े जानमाल के नुकसान की आशंका टल गई।
कंप्यूटर दुकान से शुरू हुई आग, कपड़े की दुकान तक पहुंचीं लपटें
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग सबसे पहले अपार्टमेंट के नीचे स्थित कंप्यूटर दुकान में लगी थी। इसके बाद लपटों ने पास की कपड़े की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
दुकानों में रखे सामान के कारण आग आसपास फैल गई और इलाके में हड़कंप मच गया। आग की सूचना पर स्थानीय लोगों की भीड़ भी जुट गई। हालांकि, दमकल की कई गाड़ियों के पहुंचने के बाद आग बुझाने और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने का काम शुरू किया गया।
दीपक या हवन से आग लगने की आशंका, कारण स्पष्ट नहीं
जिला अग्निशमन पदाधिकारी अभिषेक कुमार के अनुसार, शुरुआती जानकारी में कंप्यूटर दुकान में जल रहे दीपक से आग लगने की आशंका जताई गई है।
वहीं, एक अन्य प्रारंभिक सूचना में दुकान में हवन के कारण आग लगने की बात भी सामने आई है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग किन परिस्थितियों में लगी।
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं, नुकसान का आकलन जारी
अग्निशमन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।
हालांकि, आग की चपेट में आने से कंप्यूटर, कपड़े और आसपास की दुकानों में रखे सामान को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।