ट्रेनों में बिक रहा अवैध पानी; पटना जंक्शन में 20 गाड़ियों की हुई जांच, पैंट्री कार में मिली गड़बड़ियां
रेलवे ने पटना जंक्शन पर ट्रेनों में यात्रियों को परोसे जा रहे खाद्य पदार्थों और पेयजल की गुणवत्ता जांचने के ...और पढ़ें

पेंट्री कार की जांच करते एसीएम प्रदीप कुमार व वाणिज्य विभाग की टीम। फोटो जागरण
HighLights
पटना जंक्शन पर ट्रेनों की खाद्य गुणवत्ता जांच अभियान।
20 ट्रेनों की पैंट्री कारों की सघन फोर्ट्रेस चेकिंग।
ट्रेन 15667 से 34 कार्टन अवैध पानी जब्त।
जागरण संवाददाता, पटना। ट्रेनों में यात्रियों को परोसे जा रहे खाद्य पदार्थों और पेयजल की गुणवत्ता परखने के लिए सोमवार को पटना जंक्शन पर रेलवे ने बड़ा जांच अभियान चलाया।
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर दानापुर मंडल के वाणिज्य विभाग ने सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक 20 ट्रेनों की पेंट्री कार और मिनी पैंट्री की फोर्ट्रेस चेकिंग की।
जांच के दौरान ट्रेन संख्या 15667 की पेंट्री कार से 34 कार्टन अनधिकृत पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर बरामद हुआ। पानी को तत्काल जब्त कर लिया गया।
एसीएम/टीसी दानापुर प्रदीप कुमार के नेतृत्व में वाणिज्य निरीक्षकों की टीम ने पटना जंक्शन पर आने-जाने वाली ट्रेनों की पैंट्री कारों को जांच के दायरे में लिया।
इस दौरान 12309, 12393, 12303, 15657, 12367, 12391 और 13239 समेत करीब 20 ट्रेनों की पैंट्री और मिनी पैंट्री की जांच की गई।
पानी से लेकर खाने की गुणवत्ता तक परखी
फोर्ट्रेस चेकिंग के दौरान कैटरिंग व्यवस्था के कई मानकों की बारीकी से जांच की गई। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता, पैंट्री कार की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण और रख-रखाव, निर्धारित दर सूची के प्रदर्शन और उसी दर पर बिक्री की जांच हुई।
इसके अलावा खाद्य सामग्री के सही वजन और माप, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की उपलब्धता और निर्धारित कीमत, यात्रियों को बिल या रसीद दिए जाने तथा कैटरिंग कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता भी जांची गई।
जांच के दौरान ट्रेन संख्या 15667 की पैंट्री कार में 34 कार्टन एक्वा डाभ पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर मिला, जिसे रेलवे ने अनधिकृत और अनुमोदित नहीं पाया।
टीम ने पानी को तत्काल जब्त कर लिया। संबंधित पैंट्री कार मैनेजर को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्धारित नियमों और मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया।
जांच टीम ने सभी संबंधित पैंट्री कार मैनेजर और कैटरिंग स्टाफ को यात्रियों को केवल अनुमोदित और निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने की हिदायत दी। कर्मचारियों को किसी भी तरह की अनियमितता नहीं करने की काउंसलिंग भी की गई।
रेल प्रशासन के अनुसार यात्रियों को ट्रेनों में स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित दर पर खाद्य-पेय सामग्री उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की औचक और सघन जांच आगे भी जारी रहेगी। कैटरिंग सेवाओं में अनियमितता मिलने पर संबंधित एजेंसी और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
