विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ पर पटना जंक्शन हाई अलर्ट पर, सुरक्षा में उतरे 150 अतिरिक्त जवान और स्क्वायड डॉग

Published: Sat, 07 Nov 2026 06:42 PM (IST)

दीपावली और छठ पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ के कारण पटना जंक्शन पर सुरक्षा हाई अलर्ट पर है। रेल पुलिस, ...और पढ़ें

प्लेटफॉर्म से पार्किंग तक सर्च ऑपरेशन

प्लेटफॉर्म से पार्किंग तक सर्च ऑपरेशन

HighLights

  1. दीपावली-छठ पर पटना जंक्शन पर सुरक्षा हाई अलर्ट।

  2. 150 अतिरिक्त जवान, डॉग स्क्वायड सघन तलाशी में।

  3. यात्रियों को नशाखुरानी गिरोह से बचने की सलाह।

जागरण संवाददाता, पटना। दीपावली और छठ पर दूसरे राज्यों से बिहार लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पटना जंक्शन की सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। शनिवार को रेल एसएसपी रश्मि और आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रिय रंजन के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इसमें डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते को भी लगाया गया।

प्लेटफॉर्म से पार्किंग तक सर्च ऑपरेशन

सुरक्षा टीम ने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग स्थलों की जांच की। संदिग्ध वस्तुओं और गतिविधियों पर नजर रखने के साथ यात्रियों के सामान की भी तलाशी ली गई।

डॉग स्क्वायड ने स्टेशन परिसर में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की, जबकि बम निरोधक दस्ते ने संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। त्योहारों के दौरान भीड़ को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।

तीन एजेंसियों के 150 जवानों की तैनाती

छठ के दौरान दिल्ली, मुंबई, पंजाब, हरियाणा और गुजरात समेत विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में प्रवासी बिहार लौटते हैं। इससे पटना जंक्शन पर यात्रियों का दबाव बढ़ जाता है।

इसे देखते हुए तीन एजेंसियों के 150 अतिरिक्त जवानों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें आरपीएफ के 75, जीआरपी के 25 और पटना जिला प्रशासन के 50 होमगार्ड जवान शामिल हैं। सभी जवानों को अलग-अलग क्षेत्रों में गश्त और संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

वाहनों की डिक्की खुलवाकर की गई जांच

आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रिय रंजन और जीआरपी की एएसपी रश्मि की मौजूदगी में महावीर मंदिर और करबिगहिया की ओर स्थित पार्किंग में खड़े वाहनों की तलाशी ली गई।

कार और अन्य वाहनों की डिक्की खुलवाकर जांच की गई। इसके अलावा प्लेटफॉर्म और प्रतीक्षालय में यात्रियों के सामान की भी जांच की गई। अभियान में आरपीएफ इंस्पेक्टर साकेत कुमार और जीआरपी इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह शामिल रहे।

नशाखुरानी गिरोह से बचने की यात्रियों को सलाह

सुरक्षा अभियान के दौरान यात्रियों को नशाखुरानी गिरोह के प्रति जागरूक भी किया गया। रेल पुलिस और आरपीएफ के जवानों ने यात्रियों, कुलियों और वाहन चालकों को अनजान लोगों से खाने-पीने की चीजें नहीं लेने की सलाह दी।

साथ ही अपने सामान पर खुद नजर रखने और किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल रेल पुलिस अथवा आरपीएफ को देने की अपील की गई।

चार प्रमुख स्टेशनों पर बढ़ाई गई निगरानी

पटना जंक्शन के अलावा दानापुर, पाटलिपुत्र और राजेंद्र नगर टर्मिनल पर भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। छठ पर्व तक इन स्टेशनों पर अतिरिक्त जवानों की तैनाती, नियमित गश्त और विशेष जांच अभियान जारी रहेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।