पटना एयरपोर्ट पर आधी रात इंडिगो की फ्लाइट रद, पुणे जाने वाले यात्रियों ने किया हंगामा
पटना एयरपोर्ट पर देर रात पुणे जाने वाली इंडिगो की उड़ान रद्द होने से यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। खराब मौसम के कारण विमान लखनऊ डायवर्ट होने से यह स्थिति बनी और यात्रियों को अंतिम समय में सूचना मिली।

पटना एयरपोर्ट पर नाराजगी जताते यात्री। वीडियो ग्रैब
HighLights
पटना एयरपोर्ट पर इंडिगो की पुणे उड़ान रद्द होने से यात्री नाराज।
खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण विमान लखनऊ डायवर्ट हुआ।
यात्रियों ने अंतिम सूचना मिलने पर एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया।
जागरण संवाददाता, पटना। पटना एयरपोर्ट पर सोमवार देर रात पुणे जाने वाली इंडिगो की उड़ान रद होने से यात्रियों ने जमकर नाराजगी जताई।
अचानक विमान रद किए जाने और समय पर स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से परेशान यात्रियों ने एयरलाइंस के काउंटर पर हंगामा किया। यात्रियों ने कर्मचारियों पर टालमटोल करने और समस्या के समाधान में रुचि नहीं लेने का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E126 को रात 2:45 बजे पटना से पुणे के लिए रवाना होना था। इसके लिए पुणे से आने वाली फ्लाइट संख्या 6E653 को रात करीब 1:40 बजे पटना पहुंचना था।
लखनऊ डायवर्ट किया गया विमान
हालांकि, खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण विमान पटना आने के बजाय लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। इसके बाद पटना से पुणे जाने वाली उड़ान का परिचालन भी प्रभावित हुआ और अंततः उसे रद कर दिया गया।
उड़ान रद होने की सूचना मिलने पर यात्रियों ने एयरलाइंस के कर्मचारियों से जवाब मांगा। उनका कहना था कि काफी देर तक उड़ान संचालित होने का भरोसा दिया जाता रहा।
अंतिम समय पर मिली विमान रद होने की सूचना
लेकिन अंतिम समय में विमान रद करने की जानकारी दी गई। यात्रियों ने यह भी शिकायत की कि मौके पर कोई वरिष्ठ अधिकारी नहीं पहुंचा और न ही उनकी परेशानी दूर करने के लिए संतोषजनक विकल्प बताया गया।
कई यात्रियों को जरूरी काम से पुणे जाना था। अचानक यात्रा रद होने से उनकी आगे की योजनाएं बिगड़ गईं। देर रात एयरपोर्ट पर हुई इस अव्यवस्था के कारण यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।