बिहार टेंडर घोटाले में 6 IAS अधिकारियों से पूछताछ, अब ED और SVU के अफसरों से हाईकोर्ट मांगेगा जवाब
पटना हाईकोर्ट ने बिहार के सरकारी टेंडर घोटाले और करोड़ों रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) और विशेष निगरानी इकाई (SVU) की जांच पर जवाब मांगा है।

पटना हाईकोर्ट में हाजिर होंगे अफसर। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
हाईकोर्ट ने ईडी-एसवीयू से टेंडर घोटाले पर जवाब मांगा।
जांच की धीमी गति पर कोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई।
बड़े अधिकारियों को बचाने की कोशिश पर कोर्ट चिंतित।
विधि संवाददाता, पटना। बिहार में सरकारी टेंडरों में कथित हेराफेरी और करोड़ों रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पटना हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रवर्तन निदेशालय (ED) और विशेष निगरानी इकाई (SVU) की जांच पर जवाब मांगा है।
कोर्ट ने ईडी के संयुक्त निदेशक और एसवीयू के अपर पुलिस महानिदेशक को अगली सुनवाई में उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।
4 दिसंबर को होनी है अगली सुनवाई
न्यायाधीश सत्यव्रत वर्मा की एकलपीठ ने ऋषु श्री की याचिका पर सुनवाई करते हुए मामले की अगली सुनवाई चार दिसंबर, 2026 को निर्धारित की है।
सुनवाई के दौरान एसवीयू की ओर से हलफनामा दाखिल किया गया। इसमें अब तक जुटाए गए साक्ष्यों, जांच की प्रगति और आरोपितों की भूमिका का ब्योरा दिया गया है।
एसवीयू ने इन तथ्यों के आधार पर याचिकाकर्ता की जमानत का विरोध किया है। इस मामले में ईडी की जांच भी तेज हुई है।
15 अक्टूबर, 2026 को हुई सुनवाई में हाईकोर्ट ने जांच की धीमी गति और बड़े अधिकारियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताई थी।
इसके बाद ईडी ने आईएएस अधिकारियों आनंद किशोर, अभिलाषा शर्मा, सुनील कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार, संतोष कुमार भल्ला और योगेश्वर सागर से पूछताछ की।
हाईकोर्ट ने बड़े अधिकारियों को लेकर उठाए थे सवाल
इससे पहले कोर्ट ने टिप्पणी की थी कि ऐसा प्रतीत होता है कि मामले में कुछ बड़े अधिकारियों को बचाने और कुछ लोगों को जबरन फंसाने की कोशिश की जा रही है, जबकि कानून की नजर में सभी बराबर हैं।
कोर्ट ने यह भी कहा था कि ईडी भले ही याचिकाकर्ता को कथित घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग का मुख्य सूत्रधार बता रहा हो, लेकिन उपलब्ध तथ्यों से वह महज एक ‘मोहरा’ प्रतीत होता है और असली मास्टरमाइंड पर्दे के पीछे छिपे हो सकते हैं।
कोर्ट की चिंता इस बात को लेकर भी है कि ईडी ने छह वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के खिलाफ विश्वसनीय सूचनाएं साझा की थीं, लेकिन अब तक केवल मुमुक्षु चौधरी, तरणी दास और उमेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
एडीजी को पक्षकार बनाने का दिया था निर्देश
बाकी अधिकारियों की भूमिका और उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। हाईकोर्ट ने एसवीयू के अपर पुलिस महानिदेशक को पक्षकार बनाने का निर्देश देते हुए यह स्पष्ट करने को कहा था कि पीएमएलए की धारा 66 के तहत साझा की गई सूचनाओं में संजीव हंस के अलावा अन्य सरकारी अधिकारियों के नाम भी थे या नहीं।
यदि थे, तो एसवीयू के एसपी कांड संख्या 05/2025 में उनके नाम शामिल क्यों नहीं किए गए? कोर्ट ने यह भी जानना चाहा था कि ईडी ने अन्य अधिकारियों के नाम प्राथमिकी में शामिल नहीं किए जाने पर एसवीयू के समक्ष कोई आपत्ति दर्ज कराई थी या नहीं।
फिलहाल याचिकाकर्ता न्यायिक हिरासत में है। अब चार दिसंबर को होने वाली सुनवाई में ईडी और एसवीयू के अधिकारियों के जवाब तथा जांच की प्रगति पर कोर्ट की नजर रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।