सोना-चांदी खरीदने बाजार जा रहे हैं? पहले मोबाइल पर चेक कर लें आज का भाव; पटना में QR कोड से मिलेगी सटीक जानकारी
पटना में पाटलिपुत्र सर्राफा संघ ने ग्राहकों के लिए क्यूआर कोड सुविधा शुरू की है, जिससे वे मोबाइल पर सोना-चांदी का दैनिक भाव आसानी से जान सकेंगे।

क्यूआर कोड से मिलेगी सोना-चांदी की कीमत की जानकारी। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
QR कोड से मोबाइल पर जानें सोना-चांदी का भाव।
पाटलिपुत्र सर्राफा संघ ने ग्राहकों के लिए सुविधा शुरू की।
खरीदारी से पहले मिलेगी सटीक जानकारी, बढ़ेगी पारदर्शिता।
जागरण संवाददाता, पटना। सोना-चांदी खरीदने बाजार जा रहे हैं और मन में यह सवाल है कि आज भाव कितना चल रहा है? कहीं दुकानदार आपसे अधिक कीमत तो नहीं बता रहा?
अब इन सवालों का जवाब मोबाइल पर ही मिल सकेगा। पाटलिपुत्र सर्राफा संघ ने ग्राहकों की सुविधा के लिए क्यूआर कोड की शुरुआत की है।
इसे स्कैन करते ही सोना और चांदी का उस दिन का प्रति ग्राम भाव मोबाइल स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगा। अक्सर आभूषण खरीदने के लिए बाजार पहुंचने वाले ग्राहकों को अलग-अलग दुकानों पर भाव पूछना पड़ता है।
कई बार सही दैनिक मूल्य की जानकारी नहीं होने से वे खरीदारी को लेकर असमंजस में रहते हैं। ऐसे में संघ की यह पहल ग्राहकों को बाजार जाने से पहले ही सोना-चांदी का भाव जानने की सुविधा देगी। इससे उन्हें खरीदारी के दौरान कीमत को लेकर बेहतर जानकारी रहेगी।

एक बार स्कैन करें, नियमित अपडेट मिलेगी जानकारी
इस क्यूआर कोड की खासियत यह है कि यह स्थायी रहेगा। यानी ग्राहकों को हर दिन नया क्यूआर कोड लेने की जरूरत नहीं होगी।
इसे एक बार स्कैन करने पर संबंधित वेब पेज खुल जाएगा, जहां सोना-चांदी के भाव नियमित रूप से अपडेट होते रहेंगे। ग्राहक उसी पेज पर जाकर रोजाना का मूल्य देख सकेंगे।
पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के कोषाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी मनीष कुमार उर्फ नंंदू जीर ने बताया कि संघ पिछले 50 वर्षों से आभूषण एवं बुलियन के मूल्य की जानकारी ग्राहकों तक पहुंचा रहा है।
स्थापना के स्वर्ण जयंती वर्ष पर डिजिटल सुविधा शुरू की गई है, ताकि आम लोगों को दैनिक भाव जानने के लिए परेशान न होना पड़े।
खरीदारी में मिलेगी सहूलियत
इस सुविधा से ग्राहकों को सोना-चांदी खरीदने से पहले बाजार भाव की जानकारी मिल सकेगी। वे अपनी खरीदारी का बजट तय करने के साथ दुकानदार से बताई गई कीमत का मिलान भी कर सकेंगे।
हालांकि, आभूषण की अंतिम कीमत में शुद्धता, मेकिंग चार्ज और लागू कर जैसे अन्य घटक भी शामिल हो सकते हैं। इसलिए केवल प्रति ग्राम भाव को ही अंतिम कीमत नहीं मानना चाहिए।
संघ की यह पहल परंपरागत सर्राफा कारोबार में डिजिटल सुविधा जोड़ने की दिशा में कदम है। इससे ग्राहकों तक मूल्य की जानकारी पहुंचाना आसान होगा।
पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि क्यू आर कोड स्कैन करते ही करंट रेट का पता ग्राहकों को चलेगा। यह भारत में पहली बार किया गया है।