सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पटना में चला बुलडोजर, गंगा नदी किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पटना सिटी में गंगा किनारे अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू हो गया है। नुरपुर घाट से नौजर घाट के बीच अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जा रहा है, जिसमें एक ईंट भट्ठे की चिमनी भी शामिल है।

पटना सिटी में तोड़ी जा रही चिमनी और उपस्थित अधिकारी। जागरण
HighLights
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पटना में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू।
गंगा किनारे नुरपुर से नौजर घाट तक अवैध निर्माण ध्वस्त।
अभियान में ईंट भट्ठे की चिमनी भी गिराई गई।
जागरण संवाददाता, पटना सिटी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पटना सिटी में गंगा किनारे अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोमवार सुबह नुरपुर घाट से अभियान की शुरुआत हुई। पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जा रहा है। कार्रवाई शुरू होते ही गंगा किनारे अवैध कब्जा कर निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया है।
अतिक्रमण हटाने का यह अभियान नुरपुर घाट से नौजर घाट के बीच चलाया जा रहा है। सोमवार को कार्रवाई के दौरान ईंट भट्ठे की चिमनी भी ध्वस्त की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के आलोक में चिह्नित अवैध संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट ने आठ सप्ताह में अतिक्रमण हटाने का दिया था निर्देश
पटना सिटी में गंगा के इको-सेंसिटिव बाढ़ क्षेत्र में अवैध निर्माण और कब्जे का मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। सितंबर के अंतिम सप्ताह में सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति जेबी पारडीवाला और न्यायमूर्ति केवी विश्वनाथन की पीठ ने बिहार सरकार को अतिक्रमण हटाने के लिए आठ सप्ताह का समय दिया था।
अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया था कि निर्धारित अवधि में नुरपुर घाट से नौजर घाट के बीच अवैध ढांचों को नहीं हटाया गया तो बिहार के मुख्य सचिव और संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से अदालत में उपस्थित होना पड़ेगा। इस सख्त निर्देश के बाद प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है।
एसडीओ ने अधिकारियों के साथ की थी बैठक
अभियान शुरू होने से पहले रविवार को एसडीओ कशिश बक्शी ने डीएसपी, अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी।
इसमें अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को सख्ती से संचालित करने का निर्देश दिया गया था। अभियान के दौरान किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है।
नुरपुर से नौजर घाट तक हटाए जाएंगे अवैध निर्माण
प्रशासन की कार्रवाई का दायरा नुरपुर घाट से नौजर घाट तक है। गंगा के इको-सेंसिटिव बाढ़ क्षेत्र में बने अवैध ढांचों को हटाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
ईंट भट्ठे की चिमनी गिराए जाने के बाद इलाके में कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है। आने वाले दिनों में अभियान के तहत अन्य चिह्नित अवैध संरचनाओं पर भी कार्रवाई की जाएगी।