पटनाः आधे कपड़ों में महिला पहुंच गई थाने, बोली-मेरे साथ परिवार के लोगों ने किया ये काम
अर्धनग्न महिला बुद्धा कॉलोनी थाने पहुंच गई। इससे पुलिसकर्मी सकते में आ गए। वृद्ध अर्धनग्न महिला अपने साथ मारपीट और कपड़े फाड़े जाने का आरोप लगा रही थी। बाद में थाना पुलिस ने महिला की बात सुनी और उसे गाड़ी पर बिठा घर पहुंचाया।
जासं, पटना: राजधानी के बुद्धा कॉलोनी थाने में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अर्धनग्न अवस्था में पहुंची महिला न्याय की गुहार लगाने लगी। उसे देख थाने में मौजूद पुलिसकर्मी इधर उधर भागने लगे। पास में बैठी महिला पुलिसकर्मी उसके पास पहुंची। उसकी शिकायत सुनने के बाद गाड़ी में बैठाकर वापस उसे घर पहुंचा दिया। इस दौरान थाने के बाहर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी। हालांकि महिला के जाने के बाद सभी वहां से चले गए।
पारिवारिक विवाद में हुई थी मारपीट
थाने पहुंची वृद्ध महिला का आरोप था कि उसके साथ मारपीट हुई। उसके कपड़े फाड़ दिए गए। वह आसपास के लोगों से मदद मांगी लेकिन, कोई सुनने को तैयार नहीं था। घर से कुछ दूरी पर थाना होने की वजह से उसी अवस्था में भागकर थाने पहुंच गई। थाने पहुंचने पर वह वहीं रोने लगी। महिला पुलिस कर्मी उसे बैठाकर पूछताछ करना शुरू कर दी। उसके पास लिखित आवेदन नहीं था। इसके बावजूद वह थाने पर हंगामा करने लगी। वह वहां किसी पुलिसकर्मी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। पूरी बात भी किसी को नहीं बता रही थी।
आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग, कार्रवाई का आश्वासन
थाने में शोरगुल सुनकर थानाध्यक्ष भी अपने केबिन से बाहर निकले। महिला की हालत देखकर दंग रहे गए। थानाध्यक्ष ने पीड़ित महिला की समस्या सुनी। महिला आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करने लगी। आरोप था कि इसके पूर्व भी उसकी पिटाई की गई। शनिवार को भी कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट की गई और कपड़े फाड़ दिए गए। किसी तरह खुद को बचाकर वह थाने तक पहुंची। पुलिस उसे कार्रवाई का आश्वासन दिया, इसके बाद वह शांत हुई। थाना पुलिस उसे पुलिस जिप्सी में बैठाकर उपचार के लिए लेकर चली गई। वहीं पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंच छानबीन में जुट गई। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।