पटना में Barista और Starbucks पर खाद्य सुरक्षा का छापा, मिंट मोजिटो; सैंडविच और पेस्ट्री समेत कई उत्पाद नष्ट
पटना में खाद्य संरक्षा इकाई ने बरिस्ता और स्टारबक्स सहित कई आउटलेट्स पर छापा मारा, जहां खाद्य सुरक्षा मानकों में ...और पढ़ें

बरिस्ता और स्टारबक्स की कॉफी के नमूने की जांच
HighLights
बरिस्ता और स्टारबक्स सहित आउटलेट्स पर खाद्य सुरक्षा जांच।
₹15,525 मूल्य की अनुपयुक्त खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट।
खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
राज्य ब्यूरो, पटना। राजधानी पटना में नामी कॉफी और फूड आउटलेट्स की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की जांच में कई खामियां सामने आई हैं। स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने बरिस्ता और स्टारबक्स सहित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में विशेष जांच अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान कहीं खाद्य पदार्थों पर निर्माण और उपयोग की अंतिम तिथि का स्पष्ट उल्लेख नहीं मिला तो कहीं खाद्य सामग्री के भंडारण में निर्धारित मानकों की अनदेखी पाई गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए अलग-अलग प्रतिष्ठानों से कुल 15,525 रुपये मूल्य की अनुपयुक्त और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री नष्ट कराई।
मिंट मोजिटो, सैंडविच और पेस्ट्री समेत कई उत्पाद नष्ट
जांच के दौरान मिंट मोजिटो, सैंडविच, मफिन, पेस्ट्री, वेज और नॉनवेज पफ, कोकोनट लिक्विड, हॉट चॉकलेट पाउडर, गार्लिक ब्रेड और पिस्ता सिरप सहित कई खाद्य उत्पाद अनुपयुक्त पाए गए।
टीम ने इन्हें मौके पर ही नष्ट कराया। अलग-अलग प्रतिष्ठानों में नष्ट कराई गई खाद्य सामग्री का कुल मूल्य 15,525 रुपये आंका गया। यह कार्रवाई उपभोक्ताओं को असुरक्षित खाद्य पदार्थों के सेवन से बचाने के उद्देश्य से की गई।
बरिस्ता और स्टारबक्स की कॉफी के नमूने जांच के लिए भेजे
खाद्य संरक्षा टीम ने बरिस्ता के विभिन्न आउटलेट्स से कॉफी, कॉफी बीन्स, चॉकलेट और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। वहीं, स्टारबक्स के एक प्रतिष्ठान से भी कॉफी का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सामग्री की एक्सपायरी और भंडारण में मिली गड़बड़ी
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों पर निर्माण और उपयोग की अंतिम तिथि स्पष्ट रूप से अंकित नहीं मिली। इसके अलावा खाद्य सामग्री के भंडारण में एफआइएफओ (पहले आई सामग्री पहले इस्तेमाल) और एफइएफओ (जिसकी एक्सपायरी पहले, उसका इस्तेमाल पहले) प्रणाली का भी सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा था।
साफ-सफाई और कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी सवाल
कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, कर्मचारियों द्वारा निर्धारित सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और पानी की गुणवत्ता से संबंधित दस्तावेजों में भी कमियां पाई गईं। खाद्य संरक्षा टीम ने संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए हैं। उन्हें खाद्य पदार्थों पर निर्माण एवं उपयोग की अंतिम तिथि अंकित करने, सुरक्षित भंडारण और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग की खाद्य संरक्षा इकाई ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, पारदर्शिता और सुरक्षित खाद्य प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण और नमूना संग्रहण जारी रहेगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।