पटना में केला, सेब और आलू की गुणवत्ता की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच; पांच दुकानों में नहीं मिला फूड लाइसेंस
खाद्य सुरक्षा विभाग ने पटना में फल-सब्जी की दुकानों पर जांच अभियान चलाया, जिसमें सात में से पांच प्रतिष्ठानों के ...और पढ़ें

आयकर गोलंबर और बोरिंग रोड की दुकानों से लिए नमूने
HighLights
पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानों की जांच की।
सात में से पांच दुकानों पर खाद्य लाइसेंस नहीं मिला।
केले, सेब, आलू के नमूने जांच के लिए भेजे गए।
राज्य ब्यूरो, पटना। पटना में फल-सब्जियों की बिक्री करने वाली दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान चलाया। आयकर गोलंबर, बोरिंग रोड चौराहा और कदमकुआं क्षेत्र की सात दुकानों की जांच में पांच प्रतिष्ठानों के पास खाद्य अनुज्ञप्ति (फूड लाइसेंस) नहीं मिली। वहीं, दो अन्य विक्रेताओं को वैध लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
जांच के दौरान केले, सेब, शरीफा और लाल व सफेद आलू के नमूने लेकर खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य कारोबार से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
आयकर गोलंबर और बोरिंग रोड की दुकानों से लिए नमूने
जांच अभियान के दौरान आयकर गोलंबर स्थित जगदंबा फल दुकान से केले का नमूना लिया गया। बोरिंग रोड चौराहा स्थित फिरोज फ्रूट शॉप से सेब और दिलीप फ्रूट बास्केट से केले का नमूना लिया गया। इन तीनों दुकानों में खाद्य अनुज्ञप्ति नहीं पाई गई। लिए गए नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
शरीफा और सेब के नमूने भी जांच के लिए भेजे
आयकर गोलंबर स्थित मां अंबिका फ्रूट्स शॉप (दुकान संख्या-03) से सेब और आयकर चौराहा स्थित गुप्ता जी फल दुकान (दुकान संख्या-06) से शरीफा का नमूना लिया गया। जांच में इन दोनों प्रतिष्ठानों में भी खाद्य अनुज्ञप्ति नहीं मिली। विभाग ने दोनों दुकानों से लिए गए नमूनों को प्रयोगशाला भेज दिया है।
कदमकुआं की दो दुकानों को लाइसेंस लेने का निर्देश
कदमकुआं क्षेत्र में रामजी साव की दुकान संख्या-114 से लाल और सफेद आलू के नमूने लिए गए। विक्रेता को वैध फूड लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया गया। वहीं, तुमनी देवी की दुकान संख्या-67 से सेब का नमूना लिया गया।
उन्हें 14 दिनों के भीतर वैध खाद्य अनुज्ञप्ति प्राप्त करने को कहा गया है। इन दोनों दुकानों से लिए गए नमूनों को भी जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
लाइसेंस और खाद्य सुरक्षा मानकों की होगी निगरानी
खाद्य संरक्षा इकाई की जांच में प्रतिष्ठानों की अनुज्ञप्ति के साथ खाद्य कारोबार से जुड़े नियमों के अनुपालन पर भी ध्यान दिया गया। विभाग ने विक्रेताओं को वैध लाइसेंस लेकर ही कारोबार करने का निर्देश दिया है।
नमूनों की प्रयोगशाला जांच के बाद उनकी गुणवत्ता से संबंधित स्थिति स्पष्ट होगी। विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए इस तरह की जांच आगे भी जारी रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।