पटना में प्रसाद बांट रहे युवक को मारी गोली, दुर्गा पूजा पंडाल के पास चार राउंड फायरिंग
पटना में महानवमी के दिन दुर्गा पूजा पंडाल के पास पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दी ...और पढ़ें

हाथापाई के बाद पिस्तौल से चलाई गोली
HighLights
पटना में महानवमी पर गोलीबारी की घटना हुई।
प्रसाद बांट रहे युवक विजय चौरसिया को लगी गोली।
पुरानी रंजिश के कारण हुई यह वारदात।
जागरण संवाददाता, पटना। पटना के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में पिलर नंबर-33 के पास महानवमी के मौके पर सोमवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और गोलीबारी की घटना हुई। इस घटना में प्रसाद बांट रहा एक युवक घायल हो गया। घायल की पहचान 35 वर्षीय विजय चौरसिया के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।
पूजा पंडाल के पास प्रसाद बांटने के दौरान हुआ विवाद
घायल विजय ने पुलिस को बताया कि दुर्गा पूजा महोत्सव युवा संघ के कार्यक्रम के दौरान वह पूजा पंडाल के पास प्रसाद बांट रहे थे। उसी समय मोहल्ले के ही धर्मेंद्र दास अपने चार-पांच दोस्तों के साथ वहां पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
हाथापाई के बाद पिस्तौल से चलाई गोली
विजय के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई। इसके बाद आरोप है कि हमलावर ने पिस्तौल से गोली चला दी। गोली विजय की बांह में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े। घटनास्थल पर करीब चार राउंड फायरिंग होने की बात भी सामने आई है। गोली चलने की आवाज से पूजा पंडाल के आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
अस्पताल में भर्ती, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, विजय की हालत फिलहाल सामान्य है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में घटना की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है।
आरोपितों की भूमिका की पड़ताल में जुटी पुलिस
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घायल युवक के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। घटना में शामिल लोगों की भूमिका और गोलीबारी की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
