विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ससुर के प्यार में पगलाई बहू...छह गोलियां मारकर भतीजे की हत्या, रिश्तों का खौफनाक अंत

By syed naqui imamEdited By: Radha Krishna
Published: Tue, 20 Oct 2026 12:20 PM (IST)

पटना के फुलवारी शरीफ में कथित अवैध संबंध के विवाद में चाचा ने भतीजे दीपक कुमार की गोली मारकर हत्या ...और पढ़ें

मृतक की फाइल फोटो

मृतक की फाइल फोटो

HighLights

  1. कथित अवैध संबंध के विवाद में चाचा ने भतीजे को मारा।

  2. पुलिस अवैध संबंध और जमीन विवाद दोनों की जांच कर रही।

  3. आरोपी की पत्नी ने अवैध संबंध का खुलासा किया।

संवाद सूत्र, फुलवारी शरीफ(पटना)। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के बभनपुरा गांव में मंगलवार की सुबह कथित अवैध संबंध के विवाद में चाचा ने अपने 30 वर्षीय भतीजे दीपक कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोप है कि चाचा ललन शर्मा ने घर से पिस्टल निकालकर दीपक पर ताबड़तोड़ छह गोलियां चला दीं। गोली लगते ही दीपक की घटनास्थल पर मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित हथियार लेकर फरार हो गया।

पत्नी के बयान से हत्या की वजह को मिला नया मोड़

हत्या के बाद आरोपित की पत्नी के बयान से मामले में नया मोड़ आ गया है। उसने अपने पति ललन शर्मा और मृतक की पत्नी कविता देवी के बीच कथित अवैध संबंध होने की बात पुलिस को बताई है।

पुलिस इस पहलू को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि, जमीन विवाद की आशंका को भी खारिज नहीं किया गया है।

मृतक की पहचान बभनपुरा निवासी विंध्याचल शर्मा के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। दीपक विक्रम के विधायक सिद्धार्थ शर्मा का पूर्व में वाहन चालक रह चुका था।

घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। मृतक की पत्नी कविता देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के लोग भी घटनास्थल पर जुट गए।

जमीन विवाद के साथ कथित अवैध संबंध की भी जांच

पुलिस की शुरुआती जांच में चाचा-भतीजे के बीच जमीन विवाद की बात सामने आई थी। इसी बीच आरोपित ललन शर्मा की पत्नी ने पुलिस को दिए बयान में अपने पति और दीपक की पत्नी कविता देवी के बीच कथित अवैध संबंध होने की बात कही है।

उसके अनुसार, पति और कविता देवी के बीच संबंध को लेकर दीपक विरोध करता था। इसी बात को लेकर चाचा-भतीजे के बीच विवाद होने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि मंगलवार की सुबह भी इसी मुद्दे को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ललन शर्मा पिस्टल लेकर आया और दीपक पर गोलियां चला दीं।

हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कथित अवैध संबंध और हत्या के बीच सीधे संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है। आरोपित की पत्नी के बयान समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नारायण उपाध्याय और थानाध्यक्ष गुलाम मोहम्मद शाहबाज आलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। एफएसएल की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए। जांच के बाद शव को सुबह करीब 9:50 बजे पोस्टमार्टम के लिए एम्स पटना भेज दिया गया।

पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज के आधार पर पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने और गोलीबारी से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

आरोपित की पत्नी और बेटी से पूछताछ

पुलिस ने ललन शर्मा की पत्नी और बेटी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। दोनों से घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों के संबंध में जानकारी ली जा रही है।

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात के बाद आरोपित किस रास्ते से फरार हुआ और उसे किसी ने मदद तो नहीं पहुंचाई।

चाचा और भतीजे का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, ललन शर्मा के पूर्व में धोखाधड़ी के मामले में जेल जाने की जानकारी मिली है। वहीं, मृतक दीपक कुमार भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका था।

बताया जाता है कि वह करीब चार-पांच साल जेल में रहने के बाद बाहर आया था। पुलिस दोनों के पुराने मामलों और उनके बीच रहे विवादों की भी पड़ताल कर रही है।

फिलहाल पुलिस जमीन विवाद और कथित अवैध संबंध, दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, एफएसएल रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। घटना के बाद बभनपुरा गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी रख रही है।