पटना में दीपावली के दिन 5 लाख घूस लेते इंजीनियर गिरफ्तार, निगरानी टीम को देखते ही खिड़की से फेंके नोट
निगरानी टीम ने पटना में पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता रितेश चंद्र सिन्हा को पांच लाख रुपये घूस लेते ...और पढ़ें

पुलिस गिरफ्त में इंजीनियर।
HighLights
कार्यपालक अभियंता रितेश चंद्र सिन्हा पांच लाख घूस लेते गिरफ्तार।
रिश्वत की रकम खिड़की से बाहर फेंकने का प्रयास किया।
मधुबनी सड़क परियोजनाओं के भुगतान के लिए मांगी थी घूस।
राज्य ब्यूरो, पटना। निगरानी की टीम ने रविवार को दीवाली के दिन पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को पांच लाख रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार इंजीनियर की पहचान मधुबनी पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता रितेश चन्द्र सिन्हा के रूप में हुई है। उन्हें पटना के आशियाना स्थित रामनगरी के शिव-पार्वती गृह अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर सी-303 से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के दौरान जब इंजीनियर ने निगरानी टीम को अपने फ्लैट में पहुंचते देखा तो घबराकर रिश्वत के पांच लाख रुपये खिड़की से बाहर फेंक दिए।
फ्लैट के बाहर फेंक दिए रुपये
उन्होंने नोटों को फ्लैट के बाहर स्थित छोटे से मैदान में फेंककर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की, लेकिन निगरानी टीम ने तत्काल पूरी रकम बरामद कर ली।
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, रोहतास जिले के डेहरी निवासी अरुण कुमार सिंह ने अभियंता के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतकर्ता ने मधुबनी पथ प्रमंडल में दो सड़क निर्माण परियोजनाओं का काम कराया है। इनमें मधुबनी-राजनगर-बाबूबरही-खुटौना मार्ग पर 1.2 किलोमीटर सड़क निर्माण का काम शामिल है।
6.50 करोड़ भुगतान के लिए मांगी थी रिश्वत
इसकी कुल निर्माण राशि 5.78 करोड़ रुपये है। इस परियोजना का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और पूर्व में 50 लाख रुपये का भुगतान किया गया है।
दूसरी परियोजना स्टेडियम चौक, महाराजगंज चौक और सूड़ी हाईस्कूल होते हुए सड़क निर्माण की है। इसकी लंबाई 2.4 किलोमीटर और निर्माण राशि करीब 13.48 करोड़ रुपये है।
इस परियोजना का लगभग 25 प्रतिशत काम पूरा हुआ है और पहले 1.41 करोड़ रुपये का भुगतान हो चुका है। दोनों योजनाओं में करीब 6.50 करोड़ रुपये का भुगतान शेष था।
आरोप है कि बकाया राशि के भुगतान के एवज में कार्यपालक अभियंता ने तीन प्रतिशत कमीशन के हिसाब से 19.50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। तत्काल पांच लाख रुपये अग्रिम देने का दबाव बनाया जा रहा था।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने उसका सत्यापन कराया। इसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद छह नवंबर को निगरानी थाना कांड संख्या 133/26 दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में धावादल गठित किया गया।
टीम ने आठ नवंबर को कार्रवाई करते हुए अभियंता को पांच लाख रुपये लेते गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उन्हें निगरानी के विशेष न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा।