विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुर्गा पूजा के लिए पटना पुलिस ने कसी कमर, 450 अर्धसैनिक बल संभालेंगे मोर्चा

Published: Wed, 07 Oct 2026 03:06 PM (GMT+05:30)

पुलिस ने दुर्गा पूजा के दौरान अपराध रोकने के लिए पटना में सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं।

एआई जनरेटेड फोटो

एआई जनरेटेड फोटो

HighLights

  1. दुर्गा पूजा के लिए पटना पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां शुरू कीं।

  2. 450 अर्धसैनिक बल और अतिरिक्त कंपनियां होंगी तैनात।

  3. सीसीटीवी निगरानी और नियमित गश्त से अपराध पर अंकुश।

जागरण संवाददाता, पटना। दुर्गा पूजा के दौरान अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं।

एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने थानेदारों को सतर्क रहने और नियमित गश्त के निर्देश दिए हैं। पूजा के दौरान पटना पुलिस के अलावा सात कंपनियां अतिरिक्त बल तैनात की जाएंगी।

450 अर्धसैनिक बल के जवान भी स्थानीय पुलिस के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। करीब 1600 छोटे-बड़े पूजा पंडाल बनाए जाते हैं, जहां हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पूजा पंडालों, आसपास की सड़कों, प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग स्थल और संपर्क गलियों में नियमित गश्त होगी।

संवेदनशील और भीड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किए जाएंगे। सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी जेबकतरों, मोबाइल चोरों और झपटमारों पर नजर रखेंगे। शहर में पहले से करीब 1600 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।

इसके अलावा 900 बड़े पूजा पंडालों के संचालकों को पंडाल के आसपास पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। कैमरों की रिकार्डिंग सुरक्षित रखने और प्रवेश-निकास पर वालंटियर तैनात करने को कहा गया है।

सीसीटीवी नहीं लगाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इन कैमरों की मदद से संदिग्धों और अपराधियों की निगरानी कर वारदात के बाद उनकी पहचान और गिरफ्तारी करेगी।

यह भी पढ़ें- टैक्स के दायरे से बाहर संपत्तियों पर पटना नगर निगम का शिकंजा, 2027 से 100 प्रतिशत जुर्माना