पटना में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई, 493 वाहन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस होगा रद
राजधानी पटना में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई की तैयारी कर ली है। ...और पढ़ें

पांच चालान बकाया तो लाइसेंस पर संकट
HighLights
पटना में यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई।
493 वाहन चालकों के लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा।
पांच या अधिक लंबित चालानों पर लिया गया निर्णय।
जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी में यातायात नियमों को हल्के में लेना अब वाहन चालकों को भारी पड़ सकता है। बार-बार चालान कटने के बावजूद जुर्माने की राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई की तैयारी कर ली है।
अक्टूबर महीने की समीक्षा में पांच या उससे अधिक चालान लंबित रखने वाले 493 वाहन चालकों को चिह्नित किया गया है। इनके ड्राइविंग लाइसेंस रद करने की अनुशंसा करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
पांच चालान बकाया तो लाइसेंस पर संकट
ट्रैफिक पुलिस की ओर से हर महीने लंबित चालानों की समीक्षा की जाती है। इस दौरान ऐसे वाहन चालकों की पहचान की जाती है, जिनके खिलाफ पांच या उससे अधिक बार चालान जारी हो चुका है, लेकिन उन्होंने अब तक जुर्माना जमा नहीं किया है।
ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित चालकों के लाइसेंस रद करने का प्रस्ताव तैयार किया जाता है। अक्टूबर की समीक्षा में इस श्रेणी में 493 वाहन चालक सामने आए हैं। अब इनके मामलों में परिवहन विभाग के स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चालान कटवाते रहे, जुर्माना भरने से बचते रहे
शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद कई वाहन चालक चालान कटने के बाद भी जुर्माने का भुगतान करने में लापरवाही बरत रहे हैं।
कुछ मामलों में एक ही वाहन के नाम पर पांच या उससे अधिक चालान लंबित हैं। ऐसे चालकों को चिह्नित कर कार्रवाई के अगले चरण में भेजा जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस का यह कदम बकाया जुर्माने की वसूली और यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब डीटीओ के फैसले पर टिकी निगाहें
493 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस रद करने की अनुशंसा के साथ प्रस्ताव डीटीओ को भेजा जा चुका है। अब जिला परिवहन पदाधिकारी के स्तर से इसकी समीक्षा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
लाइसेंस रद करने की प्रक्रिया संबंधित परिवहन प्राधिकार के माध्यम से पूरी होगी। फिलहाल इन सभी वाहन चालकों के मामलों में परिवहन विभाग के अगले कदम का इंतजार है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।