विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में ड्राइवरों का जोरदार प्रदर्शन, 10 सूत्री मांगों को लेकर सड़क पर उतरे 38 जिलों के चालक

Published: Fri, 20 Nov 2026 01:28 PM (IST)

पटना में ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार के बैनर तले वाहन चालकों ने 10 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया, जिससे गांधी मैदान इलाके में जाम लग गया।  

जागरण संवाददाता, पटना। ड्राइवर एसोसिएशन ऑफ बिहार के बैनर तले शुक्रवार को बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने 10 सूत्री मांगों के समर्थन में पटना में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन की शुरुआत गांधी मैदान स्थित जेपी प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद चालक डाकबंगला चौराहा व गोलंबर होते हुए लोकसेवक आवास और विधानमंडल जाने की योजना से आगे बढ़े।

इस दौरान गांधी मैदान इलाके में जाम की स्थिति बनी, जिससे राहगीर परेशान हुए। प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्‍या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। 

सड़क हादसे में चालक की मौत को आपदा घोषित करने की मांग

संगठन के अनुसार चालकों ने एक सितंबर 2025 को पटना के मिलर स्कूल में विशाल आमसभा की थी और नौ मार्च 2026 को सभी 38 जिलों में पदाधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रखी थीं।

सरकार द्वारा अनदेखी किए जाने के बाद शुक्रवार को सड़क पर उतरने का निर्णय लिया गया। प्रदर्शन में संरक्षक मनोज कुमार, प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र राय, सचिव राजू कुमार सिंह ने प्रमुख मांगों के बारे में बताया। 

ड्राइवर आयोग से पांच लाख रुपये तक आवास सहायता की मांग

इसमें ओडिशा मोटर ड्राइवर एवं श्रमिक कल्याण योजना 2023 की तर्ज पर बिहार में योजना लागू करना, मुख्यमंत्री वाहन चालक कल्याण योजना 2024 को असंगठित श्रमिक सामाजिक सुरक्षा अधिनियम 2008 के तहत लागू करना तथा ड्राइवर आयोग व वेलफेयर फंड की व्यवस्था शामिल है।

इसके अलावा सड़क पर मृत्यु को आपदा घोषित करने, आवास योजना के तहत पांच लाख रुपये देने, वाहनों में आगे-पीछे रिकार्डिंग कैमरे लगाने, एक सितंबर को ड्राइवर दिवस की मान्यता, सरकारी अस्पतालों के आइसीयू में एक बेड आरक्षित करने, पीएमजेजेबीवाई की जगह आइपीपीबी के अंतर्गत एएसएसवाइ बीमा चलाने व थर्ड पार्टी की जगह फर्स्ट पार्टी इंश्योरेंस अनिवार्य करने की मांग है।

इस अवसर पर कोषाध्यक्ष दमेन्द्र कामत, उपाध्यक्ष श्याम बाबू साह, उप सचिव राकेश कुमार रंजन, प्रदेश पदाधिकारी धमेन्द्र यादव, रवि रंजन कुमार, सुनील राय, गौरव सिंह राठौर, नमौ सिंह सहित 38 जिलों के पदाधिकारी व सदस्य शामिल रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।