विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में दीपावली की आतिशबाजी से 200 लोग पहुंचे अस्पताल, 5 बच्चों के हाथ में फटा बम, 13 की रोशनी पर खतरा

Published: Mon, 09 Nov 2026 08:45 PM (GMT+05:30)

दीपावली पर पटना में आतिशबाजी के कारण 200 से अधिक लोग घायल होकर अस्पतालों में पहुंचे, जिनमें 72 से ज्यादा ...और पढ़ें

बच्चों के हाथ में फटा बम, जिंदगीभर का संकट

बच्चों के हाथ में फटा बम, जिंदगीभर का संकट

HighLights

  1. दीपावली पर पटना में 200 से अधिक लोग घायल हुए।

  2. पटाखों से 72 से ज्यादा लोग झुलसे, 13 की आंखों पर खतरा।

  3. तीन बच्चों सहित पांच लोगों के हाथ में बम फटा।

जागरण संवाददाता, पटना। दीपावली पर आतिशबाजी का उल्लास पटना में सैकड़ों परिवारों के लिए दर्दनाक अनुभव बन गया। पटाखों की चिंगारी, बारूद और धमाकों ने दो सौ से अधिक लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया। 72 से अधिक लोग झुलसने या अन्य चोटों का शिकार हुए, जबकि 111 लोग आतिशबाजी से घायल होकर विभिन्न अस्पतालों में पहुंचे।

सबसे चिंताजनक स्थिति बच्चों की रही। तीन मासूमों समेत पांच लोगों के हाथ में ही बम फट गया। वहीं, पटाखों की चिंगारी और बारूद से 31 लोगों की आंखें चोटिल हुईं। इनमें 13 की स्थिति गंभीर बताई गई है।

बच्चों के हाथ में फटा बम, जिंदगीभर का संकट

आतिशबाजी के दौरान सबसे गंभीर हादसे पांच लोगों के हाथ में बम फटने से हुए। इनमें तीन बच्चे और दो युवक शामिल हैं। दानापुर के पांच वर्षीय बच्चे की हथेली, पंजे और अंगुलियों तक खून पहुंचाने वाली रक्तवाहिकाएं क्षतिग्रस्त हो गईं।

उसे एम्स में भर्ती कर सर्जरी के माध्यम से उपचार किया गया। एक अन्य मरीज की भी सर्जरी की तैयारी है। मसौढ़ी में नौ वर्षीय बच्चे के हाथ में बम फटने से हथेली का बड़ा हिस्सा झुलस गया। खजांची रोड निवासी 25 वर्षीय युवक की कलाई भी बम फटने से गंभीर रूप से चोटिल हो गई। दो अन्य युवकों के हाथ में भी धमाके से गंभीर चोटें आईं।

आंखों पर बारूद का हमला, 13 की रोशनी पर खतरा

पटाखों के धमाकों और चिंगारी ने आंखों को भी गंभीर नुकसान पहुंचाया। आइजीआइएमएस स्थित क्षेत्रीय चक्षु संस्थान की इमरजेंसी में आंखों में चोट के 25 मरीज पहुंचे। इनमें 12 की आंखों की रोशनी जाने का खतरा है।

राजेंद्र नगर विशिष्ट नेत्र अस्पताल में भी छह मरीज पहुंचे, जिनमें एक की हालत गंभीर है। उसे सात दिनों तक अस्पताल में निगरानी में रखा जाएगा। चिकित्सकों के अनुसार, बारूद और चिंगारी से आंखों को पहुंची चोट को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।

पीएमसीएच से लेकर एम्स तक, अस्पतालों में बढ़ा दबाव

पटाखों से घायल लोगों के पहुंचने के कारण शहर के प्रमुख अस्पतालों की इमरजेंसी में मरीजों की संख्या बढ़ गई। पीएमसीएच में पटाखों से झुलसे 11 लोगों समेत कुल 47 मरीज पहुंचे।

एनएमसीएच की इमरजेंसी में दो दर्जन से अधिक मरीजों का उपचार किया गया। आइजीआइएमएस में 25 और एलएनजेपी हड्डी अस्पताल में करीब 80 घायल पहुंचे। सिविल सर्जन के अधीन जिला और अनुमंडलीय अस्पतालों में भी पटाखों से झुलसे सात मरीजों का उपचार किया गया। राहत की बात यह रही कि अधिकांश घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पटाखों के साथ सड़क हादसों ने भी बढ़ाई परेशानी

पीएमसीएच अधीक्षक डा. राजीव कुमार सिंह के अनुसार, रविवार शाम से सोमवार सुबह तीन बजे तक सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल 16 लोगों को भर्ती किया गया।

इसके अलावा सिर में गंभीर चोट के 20 मरीज न्यूरो सर्जरी विभाग में भर्ती हुए। एनएमसीएच में भी जलने और आंखों में चोट के मरीजों का उपचार किया गया। अस्पतालों में पटाखों से घायल लोगों के साथ अन्य दुर्घटनाओं के मरीजों की आमद ने इमरजेंसी सेवाओं पर दबाव बढ़ा दिया।

दीप जलाने के दौरान भी हादसा, महिला झुलसी

आतिशबाजी के अलावा दीप जलाने के दौरान भी हादसा हुआ। दीपक जला रही एक महिला की साड़ी में आग लग गई, जिससे कमर के नीचे का हिस्सा झुलस गया। उसे अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।

चिकित्सकों के अनुसार, हाथ में पटाखे जलाना, जल चुके पटाखों को उठाना और बच्चों को अकेले आतिशबाजी करने देना हादसों की प्रमुख वजहों में शामिल रहा।

चिकित्सकों की अपील, बच्चों को पटाखों से रखें दूर

न्यू गार्डिनर रोड अस्पताल के निदेशक डा. मनोज कुमार सिन्हा ने कहा कि कम उम्र के बच्चों के हाथ में बम फटना गंभीर चिंता का विषय है। अभिभावकों को बच्चों को अकेले पटाखे नहीं जलाने देना चाहिए।

बम और बड़े पटाखों से बच्चों को दूर रखना जरूरी है। पटाखों से झुलसने पर प्रभावित हिस्से को तुरंत ठंडे बहते पानी से धोकर अस्पताल पहुंचाना चाहिए। उन्होंने छठ पर्व को देखते हुए भी लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।