विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली की छात्रा को अश्लील वीडियो भेजने वाला आरोपित पटना से गिरफ्तार, कई महिलाओं को करता था परेशान

Published: Fri, 15 May 2026 11:16 PM (IST)

दिल्ली की एक छात्रा को सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर परेशान करने वाले राज आनंद को पटना साइबर पुलिस ने राजेंद्र नगर से गिरफ्तार किया है।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)

HighLights

  1. दिल्ली की छात्रा को अश्लील वीडियो भेजे।

  2. पटना साइबर पुलिस ने आरोपी को दबोचा।

  3. राज आनंद कई महिलाओं को करता था परेशान।

जागरण संवाददाता, पटना। दिल्ली के एक प्रतिष्ठित कॉलेज की छात्रा को सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो व वीडियो भेजकर प्रताड़ित करने वाले मनचले को पटना पुलिस ने दबोच लिया है।

साइबर थाने की पुलिस ने शुक्रवार को राजेंद्र नगर इलाके में छापेमारी कर आरोपित राज आनंद को गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से बाजार समिति रोड का रहने वाला है।

पुलिस ने उसके पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है, जिससे वह छात्राओं को आपत्तिजनक सामग्री भेजता था।

जानकारी के अनुसार दिल्ली में पढ़ने वाली एक छात्रा ने पटना साइबर थाने को ई-मेल के जरिए शिकायत भेजी थी। पीड़िता ने बताया था कि राज आनंद नाम का व्यक्ति अपनी फेसबुक आईडी व अन्य इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से उसे अश्लील वीडियो व फोटो भेजकर परेशान कर रहा है।

एफआईआर की गई दर्ज

छात्रा के आवेदन पर साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपित की घेराबंदी शुरू हुई। पुलिस ने जब संदिग्ध फेसबुक आईडी का आईपी एड्रेस व लोकेशन खंगाला तो वह पटना के राजेंद्र नगर का निकला। इसके बाद साइबर थाने की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राज आनंद को उसके ठिकाने से उठा लिया।

जांच के दौरान आरोपित के मोबाइल फोन के फेसबुक मैसेंजर व इंस्टाग्राम में पीड़िता व अन्य महिलाओं को भेजे गए दर्जनों आपत्तिजनक मैसेज व वीडियो मिले हैं।

पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई कि राज आनंद केवल एक छात्रा ही नहीं बल्कि कई अन्य युवतियों और महिलाओं को भी इसी तरह मैसेज भेजकर परेशान करता था।

साइबर थाना पुलिस ने मोबाइल को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है। आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

यह भी पढ़ें- पूर्णिया में 278 अकाउंट होल्डरों के खाते से ₹30000000 की ठगी, CSP संचालक ने बेटे का साथ मिलकर किया कांड