पटना के अस्पताल में बच्चे की मौत से भड़का परिवार, मुआवजे के लिए सड़क पर उतरे स्वजन; अशोक राजपथ जाम
पटना सिटी के त्रिपोलिया अस्पताल में आठ माह के बच्चे शिवकुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ...और पढ़ें

अशोक राजपथ जमकर हंगामा करते लोगों को समझती पुलिस। जागरण
HighLights
त्रिपोलिया अस्पताल में आठ माह के बच्चे शिवकुमार की मौत।
परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर किया प्रदर्शन।
अशोक राजपथ जाम कर मुआवजे की मांग, पुलिस ने संभाली स्थिति।
जागरण संवाददाता, पटना सिटी। आलमगंज थाना क्षेत्र के त्रिपोलिया स्थित त्रिपोलिया अस्पताल में इलाज के दौरान आठ माह के बच्चे की मौत हो गई।
सोमवार को घटना से आक्रोशित स्वजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अशोक राजपथ जाम कर दिया। वे अस्पताल प्रबंधन से मुआवजे की मांग कर रहे थे।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्वजनों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ। इस दौरान करीब दो घंटे तक अशोक राजपथ पर वाहनों का परिचालन बाधित रहा।
मृत बच्चे की पहचान दीदारगंज थाना क्षेत्र की पुनाडीह पंचायत के कच्ची दरगाह स्थित निजामपुर निवासी अमित कुमार यादव के आठ माह के पुत्र शिवकुमार के रूप में हुई है।

(बच्चे की मौत पर बिलखतीं महिलाएं।)
खेत गिरवी रखकर इलाज में खर्च किए 3.50 लाख रुपये
मृतक के दादा नंदकुमार यादव ने बताया कि निमोनिया से पीड़ित शिवकुमार को गुरुवार को त्रिपोलिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उनका आरोप है कि इलाज के नाम पर अस्पताल में मोटी रकम ली गई। बच्चे के उपचार के लिए खेत गिरवी रखकर करीब 3.50 लाख रुपये खर्च किए गए।
स्वजनों का आरोप है कि अस्पताल में बच्चे का समुचित इलाज नहीं किया गया। उसकी हालत में सुधार नहीं होने पर उन्होंने कई बार अस्पताल प्रशासन से उसे दूसरे अस्पताल में रेफर करने का आग्रह किया।
लेकिन उनकी बात टाल दी गई। सोमवार को इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद स्वजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल के बाहर प्रदर्शन करते हुए अशोक राजपथ जाम कर दिया।
वे इलाज में लापरवाही की जांच और मुआवजे की मांग कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और जाम हटवाया।