विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मौत से पहले कारोबारी ने वीडियो कॉल पर की थी लंबी बात, पुलिस ने ट्रेस किया मोबाइल नंबर; 15 लाख रुपये का रहस्य गहराया

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:28 PM (GMT+05:30)

पटना के जक्कनपुर स्थित श्रीराम गेस्ट हाउस में मध्य प्रदेश के कारोबारी रवि कुमार सिंह की संदिग्ध मौत का मामला ...और पढ़ें

पत्नी ने दर्ज कराई हत्या की प्राथमिकी

पत्नी ने दर्ज कराई हत्या की प्राथमिकी

HighLights

  1. मौत से पहले कारोबारी ने की थी वीडियो कॉल।

  2. पत्नी ने 15 लाख रुपये के लिए हत्या का आरोप लगाया।

  3. मृतक के साथ आया व्यक्ति भी लापता, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, पटना। राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित श्रीराम गेस्ट हाउस में मध्य प्रदेश के कारोबारी रवि कुमार सिंह की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। पुलिस की जांच में अब एक नया खुलासा हुआ है। मौत से पहले रवि ने किसी व्यक्ति से वीडियो कॉल पर काफी देर तक बातचीत की थी। पुलिस ने उस मोबाइल नंबर को चिह्नित कर ट्रेस कर लिया है। अब कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान और कारोबारी की मौत से उसके संभावित कनेक्शन की जांच की जा रही है।

शुरुआती पुलिस जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और मृतक की गर्दन पर पाए गए निशानों की प्रारंभिक जांच में हैंगिंग के संकेत मिले हैं। हालांकि, पुलिस अभी किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंची है। 12 नवंबर की सुबह गेस्ट हाउस के कमरे में रवि का शव फर्श पर मिला था। उनके गले में गमछा था।

वीडियो कॉल करने वाले की तलाश, मौत से पहले किससे हुई थी बात?

पुलिस अब कारोबारी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और वीडियो कॉल से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है। जांच का मुख्य केंद्र वह नंबर है, जिस पर मौत से पहले रवि ने लंबी बातचीत की थी।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कॉल किसने की थी और बातचीत के दौरान क्या हुआ था। संबंधित व्यक्ति का कारोबारी से क्या संबंध था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस कड़ी से मौत के रहस्य से पर्दा उठाने में मदद मिल सकती है।

पत्नी ने दर्ज कराई हत्या की प्राथमिकी, राजा तिवारी पर भी आरोप

इधर, 16 नवंबर को मृतक की पत्नी डाली कुमारी ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने रवि के परिचित राजा तिवारी और गेस्ट हाउस संचालकों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है।

पत्नी के मुताबिक, रवि मध्य प्रदेश में जमीन की खरीद-बिक्री का कारोबार करते थे। इसी कारोबार के सिलसिले में वह 15 लाख रुपये लेकर पटना आए थे। उन्हें आशंका है कि रुपये के लेनदेन के विवाद में उनके पति की हत्या की गई। पुलिस पत्नी की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है।

कारोबारी के साथ आया व्यक्ति भी लापता, फर्जी नाम बताकर ठहरा था?

गेस्ट हाउस कर्मचारी राजा कुमार के अनुसार, रवि 10 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे एक अन्य व्यक्ति के साथ पहुंचे थे। दोनों को 500 रुपये प्रतिदिन के किराये पर कमरा दिया गया था।

साथ आए व्यक्ति ने अपना नाम सुरेश वर्मा बताया था। उसने मोबाइल फोन डिस्चार्ज होने की बात कहकर पहचान पत्र नहीं दिया था। रवि की मौत के बाद से वह व्यक्ति भी लापता है। पुलिस अब उसकी पहचान और ठिकाने का पता लगाने में जुटी है।

गेस्ट हाउस में CCTV नहीं, संचालक भी फरार

इस मामले में जांच की एक बड़ी चुनौती गेस्ट हाउस में सीसीटीवी कैमरों का नहीं होना है। इससे पुलिस को घटनाक्रम की सीधी फुटेज नहीं मिल सकी है। वहीं, गेस्ट हाउस के संचालक भी फरार बताए जा रहे हैं। घटनास्थल जक्कनपुर थाने से महज 300 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद कारोबारी की मौत से जुड़े कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं।

15 लाख रुपये, वीडियो कॉल और लापता साथी पर टिकी जांच

पुलिस अब इस पूरे मामले में तीन अहम कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। पहली, मौत से पहले हुई वीडियो कॉल और उससे जुड़े मोबाइल नंबर की पहचान। दूसरी, कारोबारी के पास बताए जा रहे 15 लाख रुपये का हिसाब।

तीसरी, उसके साथ गेस्ट हाउस पहुंचे लापता व्यक्ति की भूमिका। इसके अलावा राजा तिवारी और गेस्ट हाउस संचालकों पर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का तकनीकी अनुसंधान अब इस मामले में अहम साबित हो सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।