पटना की प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजलक्ष्मी की डिलीवरी के बाद मौत, अस्पताल पर लापरवाही का आरोप
पटना में सिजेरियन से बेटे को जन्म देने के कुछ घंटे बाद प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजलक्ष्मी की मौत हो गई।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
जागरण संवाददाता, पटना। आईजीआईएमएस के पास स्थित निजी नर्सिंग होम में सिजेरियन से बेटे को जन्म देने के कुछ घंटे बाद प्रखंड कृषि पदाधिकारी राजलक्ष्मी की मौत हो गई।
स्वजन ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। पिता केके लाल ने बताया कि रात में तबीयत बिगड़ने और पल्स रेट 162 तक पहुंचने के बावजूद डॉक्टर करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंचे।
तब तक राजलक्ष्मी की मौत हो चुकी थी। स्वजन के अनुसार राजलक्ष्मी को 12 अक्टूबर को पूनम सर्जिकल एवं मैटरनिटी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था।
13 अक्टूबर की दोपहर करीब तीन बजे सिजेरियन से बेटे का जन्म हुआ। नवजात का वजन 2.100 किलोग्राम बताया गया है। शाम 7:30 बजे तक चिकित्सक ने स्थिति सामान्य बताई थी। रात करीब 8:15 बजे राजलक्ष्मी की तबीयत बिगड़ने लगी।
नहीं मिली सहायता
परिजनों का आरोप है कि सूचना के बावजूद तत्काल चिकित्सा सहायता नहीं मिली। स्वजन निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
सिविल सर्जन डॉ. योगेंद्र प्रसाद मंडल ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। इलाज के अभिलेख, प्रसव के बाद निगरानी और आपात स्थिति में डॉक्टर की उपलब्धता की पड़ताल होगी।
मौत के कारण और लापरवाही के आरोप जांच के बाद स्पष्ट होंगे। अस्पताल प्रशासन व डॉ. पूनम दीक्षित ने फोन और वॉट्सऐप पर संपर्क करने पर जवाब नहीं दिया।
यह भी पढ़ें- डंकी रूट से भेजा जाता था मलेशिया: पटना से AIMIM नेता सहित 2 गिरफ्तार, पाकिस्तानी एजेंट से जुड़े तार
