श्राद्ध भोज के 10 घंटे बाद अफरातफरी, चार दर्जन से अधिक लोग बीमार; पटना बिहटा में कैंप लगा शुरू हुआ इलाज
बिहटा के कंचनपुर गांव में श्राद्ध भोज के बाद चार दर्जन से अधिक लोग बीमार पड़ गए, जिससे अफरातफरी मच ...और पढ़ें

इलाज जारी
HighLights
बिहटा के कंचनपुर गांव में श्राद्ध भोज के बाद लोग बीमार।
चार दर्जन से अधिक लोगों को बुखार, उल्टी, दस्त की शिकायत।
मेडिकल टीम ने गांव में कैंप लगाकर इलाज शुरू किया।
संवाद सूत्र, बिहटा(पटना)। बिहटा प्रखंड के कंचनपुर गांव में श्राद्ध भोज के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से अफरातफरी मच गई। सोमवार को आयोजित बरखी श्राद्ध का भोज खाने के करीब 10 घंटे बाद मंगलवार शाम लोगों को बुखार, पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हुई। देखते ही देखते चार दर्जन से अधिक लोग आक्रांत हो गए।
एक साथ बिगड़ी दर्जनों की तबीयत
ग्रामीणों के अनुसार, बीमार पड़े सभी लोगों ने एक ही स्थान पर आयोजित श्राद्ध भोज में भोजन किया था। हालत बिगड़ने के बाद कई लोगों को बिहटा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर रूप से बीमार दो दर्जन से अधिक मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। इनमें बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल हैं।
गांव में कैंप लगाकर शुरू हुआ इलाज
घटना की सूचना मिलते ही बिहटा अंचलाधिकारी राकेश कुमार, रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक और मेडिकल टीम कंचनपुर पहुंची।
गांव में कैंप लगाकर लोगों का इलाज शुरू किया गया। अस्पताल में भर्ती मरीजों की हालत चिकित्सकों ने खतरे से बाहर बताई है और सभी पर नजर रखी जा रही है।
खाने में क्या था, जांच के बाद खुलेगा राज
चिकित्सा प्रभारी डॉ. निशिता सिंह ने बताया कि बारिश के मौसम में गर्मी और उमस के कारण डायरिया का प्रकोप हो सकता है।
हालांकि भोज में इस्तेमाल की गई खाद्य सामग्री के सैंपल लिए जा रहे हैं। इनकी जांच के बाद ही बीमारी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
भोज के बाद बीमारी ने खड़े किए सवाल
एक ही भोज में शामिल बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से भोजन की गुणवत्ता और रखरखाव पर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल मेडिकल टीम गांव में कैंप कर स्थिति पर नजर रख रही है। सैंपल की जांच रिपोर्ट के बाद ही यह साफ होगा कि मामला फूड पॉइजनिंग का है या संक्रमण का।
आक्रांत लोगों में शामिल
उप सरपंच उपेंद्र सिंह (65), रितेश कुमार (35), संतोष कुमार (58), दीपक कुमार (39), हरि ओम शरण (46), नितेश कुमार (36), दीनानाथ सिंह (65), पवन सिंह (43), विक्की कुमार (27), चंदन कुमार (28), सचिदानंद सिंह (34), दीपक कुमार (18), आनंद कुमार (12), शशांक शेखर (20), आदित्य कुमार (20), हर्ष कुमार (14), कृष्णा कुमार (14), मोहित कुमार (10), निती कुमारी (13), युवराज (9), रंजीत सिंह (70), लवकेश कुमार (40), आलोक कुमार (40), त्रिपुरारी शरण (80), अमरेन्द्र कुमार (64) सहित अन्य लोग है।
