बिहटा में नवविवाहिता की संदिग्ध हालत में मौत, पांच दिन पहले हुई थी बेटी; पिता ने पुलिस को बताया राज
बिहटा में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिलाकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी। केवल पांच दिनों पहले ही महिला को एक बेटी हुई थी। महिला के पति ने रविवार की सुबह अपने ससुराल में फोन कर पत्नी की मौत होने की सूचना दी।
बिहटा (पटना), संवाद सूत्र। बिहटा में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिलाकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी। केवल पांच दिनों पहले ही महिला को एक बेटी हुई थी। महिला के पति ने रविवार की सुबह अपने ससुराल में फोन कर पत्नी की मौत होने की सूचना दी। महिला के पिता महावीर साव के मुताबिक दामाद ने बताया कि रात में पेट दर्द होने के बाद उनकी बेटी की मौत हो गई। हालांकि, वे दो लाख नकद और सोने की चेन दहेज में नहीं मिलने पर हत्या की बात कह रहे हैं। बिहटा थानाध्यक्ष ऋतुराज सिंह ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
दहेज के लिए प्रताडि़त करने का लगाया आरोप
महावीर साव ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी शोभा की शादी देवकुली के बिंदटोली निवासी स्व राजू साव के पुत्र लक्ष्मण कुमार से की थी। बिहटा के सदिसोपुर निवासी महावीर साव ने बताया कि शादी के वक्त दहेज में औकात के मुताबिक काफी पैसा और सामान भी दिया था। उनके मुताबिक कुछ दिनों से उसके पति और परिवार वालों ने दहेज में दो लाख रुपये एवं सोने की चेन के लिए प्रताड़ित करना और मारपीट करना शुरू कर दिया था।
घटना के बाद ससुराल के सभी लोग घर से फरार
उन्होंने बताया कि उन्हें देवकुली के ही ग्रामीणों के जरिए सूचना मिली कि मारपीट के बाद उनकी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी गयी है। घटना की सूचना पर नवविवाहिता के स्वजन जब बिंदटोली गांव पहुचे तो घर वाले गायब हो गए थे। इस संबंध में नवविवाहिता की पिता ने बिहटा थाना में लिखित शिकायत देकर दहेज के लिये लड़का, सास, ननद सहित आधा दर्जन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष ऋतुराज सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शोभा के ससुराल वाले फरार हैं।