RBI ने दी हरी झंडी; हड़ताल से पहले रविवार को खुलेंगे सभी बैंक, ग्राहकों को मिलेगी राहत
बैंकों की प्रस्तावित हड़ताल से पहले ग्राहकों को राहत देने के लिए 27 सितंबर, रविवार को सभी व्यावसायिक और ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे।

RBI ने दी हरी झंडी; हड़ताल से पहले रविवार को खुलेंगे सभी बैंक, ग्राहकों को मिलेगी राहत (AI Generated Image)
HighLights
27 सितंबर रविवार को सभी बैंक खुले रहेंगे।
प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले ग्राहकों को राहत।
बैंक यूनियनों ने रविवार को बैंक खोलने का विरोध किया।
जागरण संवाददाता, पटना। लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका के बीच ग्राहकों को राहत देने के लिए 27 सितंबर, रविवार को सभी व्यावसायिक और ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे। रिजर्व बैंक की अनुमति के बाद बैंकों को रविवार को सामान्य कामकाज के लिए खोलने का निर्देश दिया गया है।
इससे 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल से पहले ग्राहकों को बैंकिंग संबंधी जरूरी काम निपटाने का अवसर मिलेगा।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है।
इससे पहले 26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार की छुट्टी है। ऐसे में लगातार पांच दिनों तक बैंक शाखाओं का नियमित कामकाज प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी। ग्राहकों की जरूरत को देखते हुए रविवार को बैंक खोलने का निर्णय लिया गया है।
रविवार को बैंक खोलने पर यूनियन नाराज
ऑल इंडिया बैंक कंफेडरेशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमरेश विक्रमादित्य ने बताया एवं ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डीएन त्रिवेदी ने कहा कि हड़ताल से ठीक पहले अवकाश के दिन बैंक खोलने के निर्देश से बैंककर्मियों में नाराजगी है।
उन्होंने रिजर्व बैंक से रविवार को बैंक खोलने के आदेश को वापस लेने की मांग की है। बैंक यूनियनों की प्रस्तावित हड़ताल के कारण शाखाओं में जमा-निकासी, चेक से जुड़े काम, ऋण एवं अन्य ग्राहक सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
हालांकि डिजिटल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी सेवाओं पर प्रभाव संबंधित बैंकों की व्यवस्था और हड़ताल में शामिल कर्मचारियों पर निर्भर करेगा।
यह भी पढ़ें- पांच दिन बंद रहेंगी बैंक, पूरे कर लें जरूरी काम; नोट कर लें ये तारीखें
