विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में ऑटोमोबाइल वर्कशॉप संचालक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार अपराधियों ने नजदीक से दिया था घटना को अंजाम

Published: Sun, 27 Sep 2026 09:39 AM (IST)

पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो अपराधियों ने ऑटोमोबाइल वर्कशॉप संचालक अंजनी रंजन की गोली मारकर ...और पढ़ें

जख्मी ऑटोमोबाइल वर्कशॉप संचालक और घटना की जानकारी देतीं एसपी शैलजा दास।

जख्मी ऑटोमोबाइल वर्कशॉप संचालक और घटना की जानकारी देतीं एसपी शैलजा दास।

HighLights

  1. ऑटोमोबाइल वर्कशॉप संचालक अंजनी रंजन की गोली मारकर हत्या।

  2. बाइक सवार दो अपराधियों ने भूपतीपुर में वारदात को अंजाम दिया।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, हमलावरों की तलाश जारी।

संवाद सूत्र, फुलवारीशरीफ (पटना)। रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के भूपतीपुर में शनिवार की देर रात बाइक सवार दो अपराधियों ने ऑटोमोबाइल वर्कशॉप संचालक अंजनी रंजन को गोली मार दी। 

अपराधियों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग की। बेहद नजदीक से तीन-चार गोलियां दागी। सिर में गोली लगने के बाद अंजनी रंजन को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, वहां उनकी मौत हो गई। 

बताया जाता है कि गोली लगने के बाद वे खून से लथपथ होकर मौके पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। अंजनी को मरा समझकर दोनों हमलावर फरार हो गए। 

बाइक सवार दो अपराधियों ने वारदात को दिया अंजाम 

वारदात के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अंजनी रंजन को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा।

घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर अंजनी का घर भी बताया जा रहा है। ऐसे में हमलावरों ने उन्हें निशाना क्यों बनाया, इसे लेकर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। 

फायरिंग की सूचना मिलते ही रामकृष्ण नगर थानाध्यक्ष और डीएसपी सदर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए 3 खोखे बरामद किए हैं।

एसपी ने कहा-की जा रही जांच-पड़ताल 

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान के साथ ही फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पटना पूर्वी एसपी शैलजा दास ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। तीन-चार गोलियां लगने की जानकारी मिली है। अभी पता चला है कि बाइक से दो हमलावर आए थे, हालांकि यह भी देखा जा रहा है कि और भी लोग इसमें शामिल थे या नहीं। 

यह भी पढ़ें- पटना में अपार्टमेंट के बेसमेंट में पार्षद पति पर ताबड़तोड़ फायरिंग, पांच गोलियां लगीं; बाइक सवार तीन हमलावर फरार