पटना को चाहिए कम से कम 20 नए संप : मेयर
जिस रफ्तार से राजधानी की आबादी व क्षेत्रफल का विस्तार हुआ है, यहां कम से कम 20 नए संप
पटना। जिस रफ्तार से राजधानी की आबादी व क्षेत्रफल का विस्तार हुआ है, यहां कम से कम 20 नए संप बनाने की आवश्यकता है। मेयर अफजल इमाम ने सोमवार को नगर आयुक्त अभिषेक सिंह के साथ राजेंद्र नगर, सैदपुर, गांधी मैदान आदि इलाकों में जल जमाव का जायजा लेने के बाद ये बातें कहीं। भरोसा दिलाया कि अगर रात में बारिश नहीं हुई तो देर रात तक पानी निकल जाएगा।
नगर निगम से कोई नहीं लेता एनओसी
मेयर के अनुसार राजधानी में सांसद, विधायक समेत विभिन्न मद से नाला निर्माण का कार्य होता है। अलग-अलग एजेंसियां यह काम करती हैं, लेकिन कोई नगर निगम से इसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं लेता है। इसका परिणाम यह हुआ है कि कहीं भी मानक के हिसाब से नालों का निर्माण नहीं हुआ। मिसिंग लिंक की भी समस्या है।
आबादी के हिसाब से बनाना होगा ड्रेनेज
मेयर ने बताया कि नगर निगम की तरफ से राजधानी के विभिन्न इलाकों के लिए ड्रेनेज विकसित करने का प्रस्ताव नगर विकास को भेजा गया है। हालांकि अभी तक उस प्रस्ताव पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। राजधानी के निचले इलाकों में समस्या काफी गंभीर है। न्यू बाइपास के किनारे बगैर आधारभूत संरचना के लोगों ने मकान बना लिए हैं। इस कारण यहां समस्या गंभीर हो जाती है। राजेंद्र नगर, कंकड़बाग जैसे इलाकों में पुराने ड्रेनेज को बदलने की आवश्यकता है। सैदपुर नाले की मरम्मत आवश्यक है।