पटना और भागलपुर की महिलाएं जीतीं
दानापुर में आयोजित दूसरी बिहार राज्य अंडर-15 कुश्ती प्रतियोगिता में पटना और भागलपुर की पहलवान जीतीं
पटना। दानापुर में आयोजित दूसरी बिहार राज्य अंडर-15 कुश्ती प्रतियोगिता में पटना और भागलपुर की महिला पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन खूब वाहवाही लूटी। अंडर-39 किग्रा वर्ग में भागलपुर की नेहा कुमारी ने मुंगेर की राजनंदनी को पराजित किया। इसके बाद 41 किग्रा में पटना की वंदना ने आरा की आराध्या को पटकनी देने में देर नहीं लगाई। इस प्रतियोगिता में 28 जिले के 355 बालक और बालिका पहलवान भाग ले रहे हैं। इसके पूर्व उद्घाटन बालामुरुगन डी. (भाप्रसे) , बिहार कुश्ती संघ के अध्यक्ष विशाल सिंह, महासचिव विनय कुमार सिंह, रोडिक के उपाध्यक्ष केडी सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि कुश्ती पारंपरिक खेल है। इसे ग्रामीण या शहरी क्षेत्र के सभी तबके के लोग खेल सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियो को खूब मेहनत करने की सलाह और राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतने की शुभकामनाएं दीं। संघ के अध्यक्ष विशाल सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए शीघ्र ही प्रशिक्षण केंद्र खोल जाएगा। महासचिव विनय कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत पेंटिंग प्रदान कर किया गया ।
रेफरी सेमिनार का आयोजन : इस अवसर पर राज्य संघ की ओर से रेफरी सेमिनार का आयोजन भारतीय कुश्ती संघ के विशेष प्रशिक्षक जितेंद्र कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ। इसके बाद विशाल सिंह की अध्यक्षता में हुई बिहार कुश्ती संघ के वार्षिक आम सभा में कई प्रस्ताव पास किए गए। इसमें
यह निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता में आए हुए तकनीकी पदाधिकारियों को भत्ता दिया जाएगा। साथ ही तकनीकी, अनुशासन, संबद्धता, लीगल समिति का पुनर्गठन किया गया। इस अवसर पर संघ के योगेंद्र सिंह, बिजय कुमार, अभिलाषा कुमारी, विवेक भारद्वाज, अरुण कुमार, सावंत रवि, ब्रजेश कुमार, अशोक कुमार, हरेंद्र सिंह, किशोर, अभय मौजूद थे।