दोगुना किराया भी नहीं रोक सका सफर, पटना एयरपोर्ट पर 20 दिनों में 2.25 लाख यात्रियों ने भरी उड़ान
छठ पर्व के दौरान और बाद में पटना हवाई अड्डे पर 20 दिनों में 2.25 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की, जिसमें दोगुना किराया भी लोगों को रोक नहीं पाया।

पटना हवाई अड्डे पर 20 दिनों में 2.25 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की। (फाइल फोटो)
HighLights
20 दिनों में 2.25 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की।
छठ के बाद पटना से प्रस्थान करने वाले बढ़े यात्री।
दोगुना हवाई किराया भी यात्रियों को रोक न सका।
विद्या सागर, पटना। छठ की खुशियों में अपनों के बीच लौटने की ललक थी तो पर्व बीतते ही रोजी-रोटी की पुकार महानगरों की ओर खींचने लगी।
घर पहुंचने की जल्दी और काम पर लौटने की मजबूरी के बीच जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 20 दिनों तक यात्रियों की आवाजाही का सिलसिला तेज रहा।
हवाई किराया सामान्य दिनों से करीब दोगुना हुआ, लेकिन अपनों से मिलने और समय पर काम पर पहुंचने की चाह के आगे महंगाई भी बेअसर रही।
31 अक्टूबर से 21 नवंबर तक 2,25,807 यात्रियों ने हवाई सफर किया। इनमें 1,33,447 यात्री पटना पहुंचे, जबकि 92,360 ने यहां से दूसरे शहरों के लिए उड़ान भरी।
छठ के बाद लगातार छह दिनों तक पटना से बाहर जाने वाले यात्रियों की संख्या यहां आने वालों से अधिक रही। इस अवधि में 1,658 विमानों का परिचालन हुआ।
छठ से पहले आने वाले यात्रियों की संख्या दोगुनी
31 अक्टूबर से 10 नवंबर के बीच उपलब्ध 10 दिनों के आंकड़ों में पटना आने वाले यात्रियों की संख्या जाने वालों से लगभग दोगुनी रही। इस अवधि में 65,798 यात्री पटना पहुंचे, जबकि 32,108 यात्रियों ने यहां से दूसरे शहरों के लिए उड़ान भरी।
आठ नवंबर को यह अंतर सबसे अधिक रहा। उस दिन 6,476 यात्री पटना पहुंचे, जबकि केवल 1,747 यात्रियों ने प्रस्थान किया। 10 नवंबर को सर्वाधिक 12,333 यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। इनमें 7,733 यात्री पटना आए और 4,600 रवाना हुए।
16 नवंबर से बदल गया यात्रियों की आवाजाही का रुख
छठ महापर्व समाप्त होने के बाद यात्रियों की आवाजाही का रुख बदल गया। 11 से 15 नवंबर तक उपलब्ध आंकड़ों में पटना आने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रही, लेकिन 16 नवंबर से तस्वीर बदल गई।
इसके बाद लगातार छह दिनों तक पटना से बाहर जाने वाले यात्रियों की संख्या आगमन से अधिक रही। 16 नवंबर को 6,714 यात्रियों ने पटना से प्रस्थान किया, जबकि 6,687 यात्री पहुंचे। 17 नवंबर को 6,971 यात्री रवाना हुए और 6,736 पहुंचे।
17 को 6,971, 18 को 6,885, 19 को 6,838, 20 को 6,803 व 21 नवंबर को 6,971 यात्रियों ने पटना से उड़ान भरी। यह रुझान पर्व के बाद नौकरी, कारोबार और अन्य कामकाज के लिए दूसरे शहरों में लौटने वाले लोगों की बढ़ती संख्या को दर्शाता है।
छह दिनों से 13000 के पार यात्रियों की आवाजाही
16 नवंबर के बाद पटना एयरपोर्ट पर प्रतिदिन यात्रियों की कुल आवाजाही 13 हजार से अधिक रही। 17 नवंबर को 13,707, 18 नवंबर को 13,551, 19 नवंबर को 13,373 और 20 नवंबर को 13,247 यात्रियों ने सफर किया।
21 नवंबर को यह संख्या बढ़कर 13,735 पहुंच गई। यह 31 अक्टूबर से 21 नवंबर के बीच उपलब्ध आंकड़ों में सबसे अधिक है। इससे पहले 17 नवंबर को 13,707 यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई थी।
उड़ानों की संख्या में भी दिखा त्योहारी दबाव
यात्रियों की बढ़ती मांग के बीच विमानों की आवाजाही भी बढ़ी। 31 अक्टूबर को 78 विमानों का परिचालन हुआ था, जबकि नौ नवंबर को यह संख्या 92 और 11 नवंबर को 94 पहुंच गई।
11 नवंबर इस पूरी अवधि में सबसे अधिक विमानों की आवाजाही वाला दिन रहा। इसके बाद भी प्रतिदिन 78 से 86 विमानों का परिचालन होता रहा। वहीं, 16 नवंबर के बाद उड़ानों में यात्रियों की संख्या लगातार मजबूत बनी रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।