पटना एयरपोर्ट पर खराब मौसम का कहर: मुंबई-दिल्ली से आए विमान वाराणसी डायवर्ट, कई उड़ानें रद
पटना एयरपोर्ट पर खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण विमान परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। दो उड़ानें रद हुईं, ...और पढ़ें

पटना एयरपोर्ट। फाइल फोटो
HighLights
खराब मौसम और कम दृश्यता से पटना एयरपोर्ट पर विमान परिचालन प्रभावित।
दो उड़ानें रद्द हुईं, चार विमान वाराणसी और कोलकाता डायवर्ट किए गए।
21 विमान 40 मिनट से चार घंटे तक विलंबित रहे, यात्री परेशान।
जागरण संवाददाता, पटना। पटना एयरपोर्ट पर शनिवार को खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण विमान परिचालन बुरी तरह प्रभावित रहा। दो विमानों को रद करना पड़ा, जबकि चार विमानों को पटना में लैंडिंग नहीं हो पाने के कारण वाराणसी और कोलकाता डाइवर्ट किया गया।
पटना आने और यहां से जाने वाले 21 विमान 40 मिनट से लेकर चार घंटे तक विलंबित रहे। इससे पांच सौ से अधिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रात 11 बजे दिल्ली से पटना आने वाली इंडिगो की 6ई 2486 और रात 10:10 बजे पटना से दिल्ली जाने वाली 6ई 6046 को रद कर दिया गया।
वहीं, दो विमानों को वाराणसी और दो को कोलकाता डाइवर्ट किया गया। मौसम में सुधार के बाद डाइवर्ट किए गए विमानों को वापस पटना लाया गया।
रनवे पर उतरते समय विमान को हवा में उठाया
एयर इंडिया की विमान संख्या एआइ 2789 मुंबई-पटना उड़ान को दोपहर में कम दृश्यता के कारण वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट डाइवर्ट करना पड़ा। विमान में तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम अभिनेता शैलेश लोढ़ा भी पटना आ रहे थे।
यात्रियों को करीब डेढ़ घंटे तक विमान में ही इंतजार करना पड़ा। मौसम सुधरने के बाद विमान करीब दो घंटे की देरी से पटना पहुंचा।
दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की विमान संख्या आइएक्स 1510 को भी वाराणसी डाइवर्ट किया गया। यात्री अंकिता सिंह के अनुसार, पटना एयरपोर्ट के रनवे पर उतरते समय विमान अचानक ऊपर उठ गया।
तेज हवा और कम दृश्यता के कारण पायलट ने विमान को सुरक्षित तरीके से दोबारा ऊपर उठाया और बाद में वाराणसी ले जाया गया। विमान करीब साढ़े चार बजे बाबतपुर से पटना के लिए रवाना हुआ। पटना पहुंचने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
वहीं कोलकाता से पटना आ रही इंडिगो की 6ई 713 को सुबह करीब 11 बजे लैंडिंग नहीं हो पाने के कारण वापस कोलकाता डाइवर्ट किया गया।
वहीं, दिल्ली से पटना आ रही इंडिगो की 6ई 2373 को दोपहर 12:45 बजे पटना में मौसम खराब होने के कारण कोलकाता डाइवर्ट किया गया। दोनों उड़ानों के यात्रियों को परिचालन प्रभावित होने से परेशानी उठानी पड़ी।
21 उड़ानें चार घंटे तक विलंबित
शनिवार को पटना आने वाली 10 और यहां से जाने वाली 11 उड़ानें विलंबित रहीं। इनकी देरी 40 मिनट से चार घंटे तक रही। कई विमानों के देर से पहुंचने के कारण उनके अगले फेरे भी प्रभावित हुए।
कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने वाले यात्री लगातार एयरलाइंस के प्रतिनिधियों से उड़ान की स्थिति की जानकारी लेते रहे। एयरपोर्ट पर यात्रियों को उड़ानों के रद होने और विलंब की सूचना दी जाती रही।
यह भी पढ़ें- बंगाल से यूपी के लिए 13 अक्टूबर से चलेगी त्योहार स्पेशल ट्रेन, छपरा-सिवान समेत 21 स्टेशनों पर होगा स्टॉपेज
